शराब पीने के बाद खेली खूनी होली, टल्ली युवक ने ली मौसा की जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
होली के मौके पर एकसाथ शराब पीने के बाद युवक ने अपने ही मौसा की जान ले ली। मामूली बहस के बाद युवक ने पत्थर मारकर बुजुर्ग मौसा को मौत के घाट उतार दिया। यह सनसनीखेज मामला हिमाचल के सोलन जिले का है।
यहां बद्दी के बटेड़ गांव में एक युवक ने अपने ही मौसा की हत्या कर डाली। वारदात होली उत्सव पर रात करीब नौ बजे हुई। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक होली उत्सव पर बटेड़ गांव के मंजू पुत्र ज्ञानचंद और सीताराम (60) पुत्र बाबू राम ने काफी शराब पी रखी थी।
इसी दौरान घर के निकट किसी बात को लेकर दोनों में बहस हो गई। काफी देर तक बहस होने के बाद तैश में आकर मंजू ने पत्थर उठाकर मौसा सीताराम की तरफ दे मारा। यह पत्थर सीताराम के सिर और कनपट्टी के बीच लगा।
मातम में बदला होली का जश्न, आरोपी पकड़ा
मौसा को उपचार के लिए तुरंत अस्पताल लाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम बद्दी अस्पताल में करवाया। घटना से जहां पूरा परिवार सदमे में है वहीं गांव में भी इस वारदात को लेकर सभी हैरत में है।
एसपी बशेर सिंह ने कहा कि 60 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या के आरोप में मंजू को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है। एसपी ने कहा कि दोनों ने शराब पी रखी थी।
...और मातम में बदल गया होली उत्सव
बटेड़ गांव में हत्या की वारदात के बाद होली उत्सव का हर रंग फीका हो गया। गांव में इस हत्या से मरघट सी खामोशी छाई हुई है। लोगों की जुबान पर यही सवाल हैं कि आखिर दोनों में ऐसी कौन सी बात हो गई जिसका अंजाम हत्या तक जा पहुंचा।
दिन में हर कोई होली उत्सव के रंग में रंगा था। सब एक दूसरे को होली लगाकर बधाइयां दे रहे थे। भाईचारे का रंग हर तरफ नजर आ रहा था। किसी ने सोचा भी नहीं था कि शाम ढलते ही होली पर खून का रंग चढ़ जाएगा। होली के दिन हुई इस वारदात से हर कोई सन्न हैं।