मालिक को पिटता देख कुत्ते ने कर्मचारियों पर बोला हमला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नगर निगम कार्यालय में बैनर उतारने पर बहस में एक युवक की कर्मचारियों ने पिटाई कर दी। निगम कर्मियों ने युवक के कपड़े भी फाड़ डाले।
उसकी चीखें सुनकर युवक का पालतू कुत्ता हमलावरों पर झपट पड़ा और एक कर्मचारी को काट लिया। कुत्ते को आक्रामक होता देख निगम कर्मी सकते में आ गए।
युवक ने थाने में मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है जबकि नगर निगम कर्मचारी को अस्पताल ले जाया गया। सदर पुलिस ने युवक का मेडिकल दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में करवाया है।
नगर निगम ने बैनर लगाने पर की थी कार्रवाई
मामला बुधवार शाम करीब चार बजे का है। जोधा निवास पार्किंग में एक बैनर टंगा हुआ था। नगर निगम की तहबाजारी शाखा की टीम उसे उतार कर ले आई।
यह बैनर एक ट्रेवल एजेंट ने लगाया था। जब उसे सूचना मिली कि नगर निगम बैनर उतारकर ले गए हैं तो उसे लेने के लिए वह अपने पालतू कुत्ते के साथ निगम कार्यालय पहुंचा।
कुत्ते को बरामदे में खड़ा कर वह कार्यालय में जाकर बैनर के बारे में पता करने लगा।
युवक ने लगाया मारपीट का आरोप
युवक का आरोप है कि उसने अपना बैनर वापस मांगा और कहा कि बीते पांच साल से यह बैनर उस जगह पर लगा हुआ था। इसे उतारने की जरूरत आज ही क्यों हुई?
युवक का आरोप है कि उसे संतोषजनक जवाब देने की जगह वहां मौजूद कर्मचारियों ने गाली गलौच की। विरोध किया तो वे मारपीट पर उतर आए।
उसे पीटने लगे तो चीखें सुनकर उसका कुत्ता बाहर से आया और एक हमलावर पर झपटा। तभी जाकर वह इनके चुंगल से बच पाया।
युवक पर अाराेप, मारपीट कर कुत्ता छोड़ा
नगर निगम कर्मचारियों का आरोप है कि बैनर नगर निगम की संपत्ति पर बिना अनुमति लगा हुआ था। इसलिए उसे उतार कर लाए। युवक कार्यालय में आया और आते ही दुर्व्यवहार करने लगा।
जब उसे आराम से बात करने को कहा तो वह चिल्लाने लगा और उसने कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उसने कुत्ता छोड़ दिया, जिसने एक कर्मचारी को काट लिया। नगर निगम आयुक्त अमरजीत सिंह ने कहा कि मामला उनके ध्यान में आते ही छानबीन के निर्देश दिए हैं।
उन्हें बताया गया है कि एक युवक ने संपदा शाखा में जाकर कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया और उन पर कुत्ता छोड़ दिया। एक कर्मचारी को कुत्ते ने काट लिया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि आखिर हुआ क्या है।