सिरफिरे ने दो बहनों को चाकू से गोदा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में कानून व्यवस्था ध्वस्त होती जा रही है। मंडी जिले के थाना क्षेत्र के मुराह रोड पर शनिवार को एक सिरफिरे युवक ने दो चचेरी बहनों पर चाकू से पेट में कई वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। लड़कियां चीखती रहीं लेकिन उन्हें बचाने कोई नहीं आया। एक युवती की तो आंतड़ियां भी बाहर आ गई थीं।
दोनों को मंडी अस्पताल लाया गया जहां से एक को ऑपरेशन के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। हमलावर पहचान लिया गया है लेकिन वह अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। घटना शनिवार सुबह सवा नौ बजे की है। पुलिस के अनुसार दुंदला के गुराण निवासी मथुरा देवी (19) व बेगमा देवी (18) थलौट में एक निजी संस्थान में डीसीए का डिप्लोमा कर रही हैं।
धारदार हथियार से किए कई वार
शनिवार सुबह सवा नौ बजे थलौट-मुराह रोड पर दाड़ूधार के पास एक युवक ने दोनों युवतियों को रोक लिया और उनके पेट पर धारदार हथियार से कई वार किए। लड़कियां चिल्लाई फिर सड़क के किनारे बेहोश हो गईं। हमलावर मौके से फरार हो गया। हमले के वक्त आसपास कोई नहीं था।
लहूलुहान हालत में सड़क किनारे दोनों युवतियों को तड़पते देख कर वहां से गुजर रहे कार चालक रामलाल ने औट थाना पुलिस को सूचना दी।इसके बाद रामलाल व भागचंद ने दोनों घायलों को कार से जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल बेगमा को मंडी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है।
जबकि मथुरा देवी का मंडी अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों युवती पुलिस को बयान देने की हालत में नहीं हैं। पुलिस के अनुसार घायल युवती ने हमलावर आरोपी की पहचान मंडी के खलवाहण गांव निवासी तेज राम (26) के रूप में की है। पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ को टीमें बनाकर रवाना कर दी हैं।
सगाई टूटना तो नहीं था कारण
बताया जा रहा है कि एक युवती से हमलावर की ढाई साल पहले सगाई की बात चली थी, लेकिन फिर सगाई नहीं हो पाई। पुलिस को शक इसी ओर जा रहा है, हालांकि एसपी मंडी इसकी पुष्टि से इनकार कर रहे हैं। उधर, युवतियों के परिजनों का कहना है कि वे इस मामले में कुछ नहीं कह सकते।
मोबाइल खोलेगा राज
घटनास्थल से पुलिस को दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। इसमें से एक मोबाइल को घायल युवती बेगमा का है। जबकि दूसरा मोबाइल किसका है पुलिस इसकी छानबीन कर रही है। दूसरा मोबाइल हमलावर का भी हो सकता है।
क्या कहना है एसपी का
पुलिस अधीक्षक मंडी मोहित चावला ने कहा कि लड़कियां अभी बयान देने की स्थिति में नहीं हैं लेकिन पुलिस संबंधित युवक की खोज में लग गई है। औट थाना प्रभारी अनिल कुमार की अगुवाई में तीन टीमें रवाना कर दी हैं।