Coronavirus: हिमाचल के कांगड़ा जिले में पांच नए कोरोना संक्रमित
- हिमाचल के कोरोना वायरस के सात नए मामले
- पुलिस हेड कांस्टेबल भी कोरोना पॉजिटिव
- राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या 25 हुई
- अब तक प्रदेश में 66 कोरोना पॉजिटव मामले दर्ज
- 35 लोग स्वस्थ्य होकर घर गए
- कोरोना से हिमाचल में दो लोगों की हुई मौत
- कांगड़ा में डॉक्टर भी कोरोना पॉजिटिव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल के कांगड़ा जिला में कोरोना ने कहर बरपा दिया है। मंगलवार देर रात पहली बार कोई डॉक्टर भी कोरोना संक्रमित हो गया है। संक्रमित डॉक्टर की टांडा अस्पताल के कोरोना वार्ड में ड्यूटी लगी हुई है। देर रात डॉक्टर की सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आई। लेकिन, मेडिकल टीम को शक है कि डॉक्टर संक्रमित नहीं हो सकता है।
इसलिए मेडिकल टीम बुधवार को डॉक्टर के फिर से सैंपल लेगी। जिले में एक पुलिस जवान भी पॉजिटिव पाया गया है। यह हिमाचल में अपनी तरह का पहला मामला था। मंगलवार को जिले में डॉक्टर और पुलिस जवान समेत कोरोना वायरस के कुल पांच मामले सामने आए। डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति ने इसकी पुष्टि की है।पुलिस कर्मी कांगड़ा जिले के पंचरुखी पुलिस थाने में तैनात है, इसके चलते थाने को 10 दिन के लिए सील कर दिया है।
वहीं बैजनाथ के पपरोला का 62 वर्षीय संक्रमित मरीज बनूरी में पिछले पांच दिन से दुकान में चाय बेचता रहा। एक मोटर वर्कशाप के कर्मचारी रोज इस बुजुर्ग की दुकान में चाय पी रहे थे। यह बुजुर्ग अस्थमा का भी मरीज है। उधर कांगड़ा के कुलथी पंचायत के झमारड़ा का पॉजिटिव निकला युवक सैंपल रिपोर्ट लेने खुद टांडा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंच गया।
ये भी पढ़ें: जिले में बिना पास ऐसे कर सकेंगे आवाजाही, हिमाचल सरकार ने दी बड़ी राहत
पता चलते ही प्रशासन ने अस्पताल की ओपीडी को कुछ देर के लिए पूरी तरह खाली करवाया और मरीज समेत पूरे अस्पताल को सैनिटाइज करना पड़ा।
कांगड़ा जिले की जमानाबाद पंचायत में एक 33 वर्षीय युवक भी पॉजिटिव निकला है, जो 30 अप्रैल को पंचकूला से अपने घर स्कूटी से लौटा था। जमानाबाद में अब दो पॉजिटिव केस आ चुके हैं। पांच मई को ग्रीन जोन में शामिल कांगड़ा जिले में पिछले सात दिन में 10 मामले आ गए हैं।
पंचरुखी थाना के 15 कर्मी कृषि विवि में किए आईसोलेट
उपमंडल पालमपुर के थाना पंचरुखी में हेड कांस्टेबल के कोरोना पाजिटिव आने के बाद थाना में नजदीक के संपर्क में रहे पुलिस कर्मियों को कृषि विवि पालमपुर में आईसोलेट कर दिया गया है, जबकि अन्य को होम क्वारंटीन किया गया है। पुलिस थाने को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया है। लोग अपने काम के लिए पालमपुर थाना में काम करवा सकते हैं।
पंचरुखी थाना में कोरोना पॉजिटिव पुलिस कर्मी के नजदीक संपर्क में रहे करीब 15 लोगों को कृषि विवि पालमपुर के एक हॉस्टल में आईसोलेट कर दिया गया है, जबकि अन्य पुलिस को कर्मियों को उनके घरों में होम क्वांरटीन किया गया है। पुलिस थाना पंचरुखी में करीब इस समय 35 पुलिस कर्मी काम कर रहे हैं। डीएसपी पालमपुर अमित शर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
प्रदेश में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 25 पहुंच गई है। राज्य में अब तक 66 कोरोना पॉजिटिव मामले आ चुके हैं। कोरोना से दो की मौत हुई है। 35 लोग स्वस्थ होकर घर चले गए हैं। चार लोग हिमाचल से बाहर चले गए हैं। राज्य में अब तक 23247 लोगों को निगरानी में रखा गया। इनमें से 7425 लोगों ने 28 दिन की जरूरी निगरानी अवधि को पूरा कर लिया है और सभी स्वस्थ्य हैं। राज्य में अब तक 12219 लोगों की कोरोना को लेकर जांच की गई है।