कांग्रेस तय नहीं कर पाई अभी पैनल, रामलाल ठाकुर को दिल्ली बुलाया
लोकसभा चुनाव के लिए हिमाचल की चारों सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर स्थिति अभी तक साफ नहीं हो सकी है। दिल्ली में कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में चारों संसदीय क्षेत्रों से पैनल के लिए संभावित प्रत्याशियों के नाम भी तय नहीं हो सके।
पार्टी सूत्रों की मानें, तो हमीरपुर और मंडी सीटों पर प्रत्याशी को लेकर पेच फंस गया है। इसी बीच पार्टी की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने नयना देवी से विधायक और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से धूमल के खिलाफ चुनाव लड़ चुके रामलाल ठाकुर को दिल्ली बुला लिया है।
सूत्र बताते हैं कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के तहत ऊना से ताल्लुक रखने वाले कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री को मैदान में उतारने पर बात नहीं बनी है। दिल्ली में गुरुद्वारा रकाबगंज रोड पर कांग्रेस दफ्तर में एआईसीसी के महासचिव केसी वेणुगोपाल की मौजूदगी में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में हिमाचल की चारों सीटों से संभावित प्रत्याशियों पर चर्चा हुई।
बैठक में मौजूद पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने बताया कि प्रत्याशियों पर चर्चा हुई है, लेकिन अभी पैनल तय नहीं हो सके हैं। इसके लिए अलग से स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक बुलाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि महासचिव वेणुगोपाल को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुला लिया था, इस कारण पैनल फाइनल नहीं हो सके। बैठक में प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, सह प्रभारी गुरकीरत सिंह और कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री भी मौजूद रहे।
इन नेताओं के नाम पर हुई चर्चा
सूत्रों के अनुसार बैठक में कांगड़ा सीट से सुधीर शर्मा और पवन काजल, हमीरपुर से रामलाल ठाकुर, राजेंद्र राणा और कर्नल धर्मेंद्र पटियाल के नाम पर चर्चा हुई है। शिमला से कर्नल धनीराम शांडिल और अमित नंदा के नाम पर चर्चा की गई। मंडी से पार्टी दमदार नेता को उतारने के पक्ष में है। इसके लिए वीरभद्र सिंह से भी बात की जा रही है।