रक्षा में सौ फीसदी FDI पर कांग्रेस का हमला, संसद में विरोध की तैयारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता आनंद शर्मा ने कहा कि डिफेंस और अन्य क्षेत्रों में 100 फीसदी एफडीआई के मोदी सरकार के फैसले का कांग्रेस संसद के भीतर विरोध करेगी। यूपीए सरकार ने डिफेंस सेक्टर में 100 फीसदी सशर्त एफडीआई का फैसला लिया था।
मोदी सरकार ने 40 फीसदी एफडीआई के बाद कैबिनेट कमेटी और सिक्योरिटी की मंजूरी हटाकर इस संदर्भ में अनर्थ किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को अर्थशास्त्र की नॉलेज नहीं है। वे आंकड़ों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं।
आनंद शर्मा सोमवार को राजीव भवन शिमला में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। आनंद शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार के एफडीआई पर फैसले से देशहित को नुकसान पहुंचेगा। संसद में जब इसकी नोटिफिकेशन आएगी तो हम इसका विरोध करेंगे।
कांग्रेस मुख्यमंत्रियों को बेवजह किया जा रहा तंग
ऐसा कोई दिन नहीं, जब कांग्रेस शासित मुख्यमंत्रियों को तंग किया जा रहा है। मोदी सरकार का एक ही नारा है कि कांग्र्रेस मुक्त भारत हो। हम मोदी सरकार को बता देते हैं कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सवा सौ साल पुरानी है।
इसने देश के लिए कुर्बानियां दी हैं। समय बताएगा कि आगे क्या होगा। जीएसटी पर आनंद शर्मा बोले कि विपक्ष ने अपनी बात रखी है। कांग्रेस जीएसटी के पक्ष में है। इसी ने जीएसटी का प्रस्ताव रखा था।
मगर वर्तमान सरकार की ओर से बनाए गए इसके मौजूदा ढांचे के पक्ष में नहीं है। प्रधानमंत्री ये गलत कह रहे हैं कि कांग्रेस रुकावट डाल रही है।
देश में जहर घोल रहे भाजपा और आरएसएस
योगी आदित्यनाथ के मदर टैरेसा के माध्यम से ईसाईकरण करने के बयान पर आनंद शर्मा बोले कि भाजपा और आरएसएस देश में जहर घोल रहे हैं। पीएम भारत और विदेशों में कह रहे हैं कि हम एक हैं, लेकिन दूसरे कुछ और कर रहे हैं।
कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष ठीक से पार्टी का नेतृत्व कर रही हैं। पार्टी में क्या होना है, ये सही समय पर बता दिया जाएगा। केवल बौखलाहट में परिवर्तन नहीं होते। डेढ़ दशक तक असम में काबिज रहने के बाद असम की हार बड़ी हार है, हम ये मानते हैं।
इसके विपरीत आज आंकड़े निकालें तो जहां लोकसभा चुनाव में बीजेपी को केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल में अच्छी बढ़त थी, वहां अब भाजपा का वोट बैंक घटा है।
कांग्रेस समय आने पर राहुल पर स्पष्ट करेगी स्थिति
राहुल कांग्रेस के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे या नहीं, इस पर आनंद शर्मा बोले कि जो देश के लिए मरता और लड़ता है, उसके बेटे को डिबार किया जाए, ये कैसी बात है। राहुल एमपी भी रहे हैं और वे भी चुनावी प्रक्रिया के बाद रहे हैं।
अमेठी में क्या पाकिस्तान के लोग वोट देते हैं? उन्होंने कहा कि वर्तमान में सोनिया गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कुशलता से कार्य कर रही है। बाकी जो भी परिवर्तन पार्टी में लाना है, उस पर समय आने पर स्थिति साफ होगी।
हिमाचल में खुद को सीएम पद की रेस में होने से किया इंकार
आनंद शर्मा से जब ये सवाल पूछा गया कि क्या वे भी हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं तो उन्होंने इससे इंकार किया। उन्होंने कहा कि वे इस मामले में नहीं पड़ेंगे। बाकी उनके पास केंद्र में विपक्ष की बहुत बड़ी भूमिका है। वे इसे ही ठीक से निभाना चाहते हैं।