जीत के लिए पसीना बहाएंगे मंत्री जी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल सरकार के वरिष्ठ मंत्री चारों संसदीय क्षेत्रों में कांग्रेस पार्टी का मोर्चा संभालेंगे। वे एक-एक सीट की निगरानी करेंगे। साथ ही चारों लोकसभा सीटों की परिधि में तय कार्यालयों में बैठेंगे।
इसके अलावा फील्ड में भी जाएंगे। शिमला कांग्रेस कार्यालय में इसी प्रक्रिया के तहत पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं बागवानी मंत्री विद्या स्टोक्स की तैनाती कर दी गई है। अन्य सीटों में भी ये जिम्मेवारियां जल्द तय कर दी जाएंगी।
भले ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार मंत्रियों ने निर्धारित विधानसभा क्षेत्रों में मासिक बैठकों में गंभीरता नहीं दिखाई। इसके बावजूद अब उन्हें नई जिम्मेवारियां दी जा रही हैं।
शिमला में स्टोक्स संभालेंगी कमान
शिमला संसदीय सीट पर प्रचार की तमाम निगरानी प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन शिमला से विद्या स्टोक्स करेंगी। रविवार को वह पार्टी कार्यालय में शिमला ग्रामीण कांग्रेस की बैठक में मौजूद रहीं।
इसके बाद वह लगातार कांग्रेस कार्यालय में मोर्चा संभालेंगी। स्टोक्स ने शिमला सीट से पार्टी प्रत्याशी को जिताने के लिए रणनीति बनाना भी शुरू कर दिया है।
उन्हीं की तरह ही अन्य लोकसभा सीटों पर भी वरिष्ठ मंत्रियों को तैनात किया जाएगा। सभी सीटों को जीतने के लिए कांग्रेस पूरी रणनीति के साथ काम कर रही है।
बाली, कौल और मुकेश को भी मिलेगी जिम्मेदारी
सूत्रों के मुताबिक कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में इसी तरह की जिम्मेवारी परिवहन मंत्री जीएस बाली और मंडी संसदीय क्षेत्र में स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर को दी जा सकती है।
उधर, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री को दी जा सकती है। भाजपा का गढ़ माने जाने वाले हमीरपुर में इस बार कांग्रेस प्रचार में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नरेश चौहान ने पुष्टि की है कि शिमला लोकसभा सीट की जिम्मेवारी विद्या स्टोक्स को दी गई है। अन्य संसदीय क्षेत्रों में भी वरिष्ठ मंत्रियों की तैनातियां तय करने की तैयारी है।