त्योहारों की मिठास पर महंगाई की मार: हिमाचल में एपीएल राशनकार्ड धारकों को महंगी मिलेगी चीनी और दाल
हिमाचल प्रदेश के राशन उपभोक्ताओं पर महंगाई की दोहरी मार पड़ी है। एपीएल राशन उपभोक्ताओं को महंगाई का झटका लगा है। हालांकि राहत की बात यह है कि इस महीने सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं को एक किलो अतिरिक्त आटा मिलेगा।
विस्तार
त्योहारों से पहले हिमाचल के एपीएल राशन उपभोक्ताओं को महंगाई का झटका लगा है। सरकारी राशन डिपुओं में मिलने वाली चीनी चार रुपये और उड़द दाल पांच रुपये किलो महंगी हो गई है। वहीं, कुछ गोदामों में स्टॉक खत्म होने से उड़द दाल और सरसों तेल की आपूर्ति भी प्रभावित है। हालांकि राहत की बात यह है कि इस महीने सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं को एक किलो अतिरिक्त आटा मिलेगा। हिमाचल प्रदेश के राशन उपभोक्ताओं पर महंगाई की दोहरी मार पड़ी है।
चीनी 52 रुपये प्रति किलो मिलेगी
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत एपीएल राशन परिवारों को चीनी अब 48 के बजाय 52 रुपये प्रति किलो मिलेगी, जबकि उड़द दाल की कीमत 112 से बढ़कर 117 रुपये प्रति किलो तय की गई है। दूसरी ओर कुछ सरकारी गोदामों में उड़द दाल और सरसों तेल का स्टॉक खत्म होने से कई डिपो में इनकी आपूर्ति भी प्रभावित है। हालांकि सभी श्रेणियों को इस माह एक किलो अतिरिक्त आटा मिलेगा। 12 किलो के स्थान पर इस माह 13 किलो आटा दिया जाएगा।
उड़द दाल 117 रुपये प्रति किलो
त्योहारी सीजन में बढ़ी मांग के बीच कीमतों में इजाफे से एपीएल करदाता परिवारों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। चीनी की खपत त्योहारों के दौरान मिठाई और घर में बनने वाले पकवानों के कारण बढ़ जाती है। ऐसे में चार रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी का असर सीधे परिवारों के मासिक खर्च पर पड़ेगा। एपीएल करदाता परिवारों के लिए उड़द दाल की कीमत पांच रुपये प्रति किलो बढ़ाई गई है। पहले यह दाल 112 रुपये किलो मिलती थी, लेकिन अब इसके लिए 117 रुपये प्रति किलो चुकाने होंगे।