पहाड़ों पर बर्फबारी जारी, कई इलाकों में पारा माइनस 10 से भी नीचे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश के चलते हिमाचल में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मंगलवार को भी प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में रुक-रुककर बारिश होती रही। मौसम के इस मिजाज के बीच शिमला समेत पूरे प्रदेश में शीत लहर और तेज हो गई है।
लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलांग में पारा शून्य से 11 डिग्री नीचे पहुंच गया है। बुधवार को भी प्रदेश के मध्य एवं उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश के आसार हैं। ऐसे में सूबे में ठिठुरन और बढ़ सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय इलाकों में 23 जनवरी तक मौसम खराब रहने की संभावना है।
मंगलवार को जिला कांगड़ा के नड्डी, धौलाधार, कुल्लू-मनाली की पहाडि़यों समेत किन्नौर, लाहौल, मंडी की ऊंचे क्षेत्रों और रोहतांग में ताजा हिमपात हुआ चंबा के ऊपरी क्षेत्रों भरमौर, होली, तीसा, सलूणी सहित पर्यटन स्थल डलहौजी व खजियार में भी मंगलवार शाम से बर्फबारी शुरू हो गई है। राजधानी शिमला में दिन भर बादल छाए रहे। शाम के समय हल्की बारिश भी हुई।
सोमवार रात को राजधानी शिमला का न्यूनतम तापमान 1.6 रिकार्ड किया गया। प्रदेश के तीन क्षेत्रों केलांग, कल्पा और मनाली में न्यूनतम तापमान माइनस में चल रहा है। केलांग में न्यूनतम पारा माइनस 11.3, कल्पा में माइनस 6.8 और मनाली में माइनस 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मैदानों में साफ होगा मौसम, मिलेगी राहत
प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में 19 जनवरी से मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग ने मैदानी क्षेत्रों में 19 से 23 जनवरी तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है।
दोपहर बाद बहाल हुआ अपर शिमला
बर्फबारी से बाधित चल रहा नेशनल हाईवे-5 शिमला-रिकांगपिओ मंगलवार दोपहर बाद बहाल हुआ। नारकंडा में थमी वाहनाें की आवाजाही को प्रशासन ने बहाल कर दिया है। किन्नौर और रामपुर उपमंडल के कई ग्रामीण रूट अभी भी बंद हैं।
कई रूटों में आधे रास्ते तक ही निगम की बसें जा रही हैं। जिला कुल्लू में 50 के करीब सड़कें बंद होने से 100 पंचायतों का संपर्क मुख्यालय से कटा हुआ है। करीब 500 गांवों में ब्लैकआउट छाया हुआ है। एनएच-305 बंद पड़ा है। जिला कांगड़ा के छोटा और बड़ा भंगाल और मंडी के गोहर उपमंडल की दो दर्जन संपर्क सड़कें बंद हैं।