खनन माफिया पर सख्ती की तैयारी, सीएम बोले-जब्त करेंगे मशीनरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने वीरवार को मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि अवैध खनन को सरकार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि जो लोग अवैज्ञानिक ढंग से अवैध खनन कर रहे हैं, सरकार उनकी मशीनरी जब्त करेगी।
प्रदेश के सीमांत क्षेत्रों में हो रही नशे की तस्करी पर चिंता जताते हुए सीएम ने कहा कि नशे की आपूर्ति पड़ोसी राज्यों से आ रही है। नशे के सौदागरों से निपटने के लिए प्रदेश सरकार और पुलिस पूरी तरह सक्षम व चौकस है।
नशा गंभीर मसला है और नशा माफिया युवा वर्ग को अपना शिकार बना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नशे के खात्मे के लिए सख्ती से कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा मिशन फिफ्टी प्लस के ख्याली सपने देख रही है।
भाजपा का यह सपना कभी पूरा होने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बार प्रदेश में मिशन रिपीट करेगी और दो तिहाई बहुमत से जीतेगी। इस अवसर पर सीएम के साथ नूरपुर हलके के विधायक अजय महाजन, जिलाधीश सीपी वर्मा, एसपी संजीव गांधी, एसडीएम आविद हुसैन सादिक, नगर परिषद अध्यक्ष कृष्णा महाजन, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष राकेश महाजन, योगेश महाजन सुंदरी आदि मौजूद रहे।
बेरोजगारी भत्ता नहीं, युवाओं को हुनर देंगे : सीएम
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि प्रदेश सरकार नौजवानों को बेरोजगारी भत्ता देने की बजाय उन्हें हुनरमंद बनाने में मदद करेगी। मुख्यमंत्री ने बेरोजगार युवकों से आह्वान किया कि वे किसी भी कार्य में दक्ष होने को प्राथमिकता दें। मुख्यमंत्री जसूर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी भत्ता युवा वर्ग को दक्ष नहीं बना सकता। यह युवा वर्ग को अक्षम बनाएगा। केवल कौशल विकास युवाओं को सम्मानजनक जीवन दे सकता है। कौशल विकास पर सरकार हर साल 100 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। 550 करोड़ रुपये एडीबी की ओर से कौशल विकास के लिए स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी क्षेत्रवाद और जातिवाद के नाम पर प्रदेश को बांटने के नाम पर राजनीति नहीं करती है। विपक्ष कभी ऊपर के क्षेत्र, कभी नीचे के क्षेत्र के नाम पर राजनीति की रोटियां सेंकता है। मुख्यमंत्री का जसूर पहुंचने पर बैंडबाजों के साथ जोरदार स्वागत किया गया।