सीएम बोले, कई बार देखी हैं भाजपा की तोपें, मैं डरने वाला नहीं हूं
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि विपक्ष की धमकियों से वह डरने वाले नहीं हैं। ऐसी तोपें उन्होंने कई बार देखी हैं और वे इनसे नहीं डरते। उन्होंने कहा कि सदन का माहौल विपक्ष खराब करता है न कि सरकार। यह तो उल्टा चोर कोतवाल को डांटने वाली बात हो गई है।
सीएम वीरभद्र सिंह ने कहा कि माहौल खराब करने की साजिश भाजपा रचती आई है और उन्हें इसकी परवाह नहीं है। सीएम सोमवार को राजभवन शिमला में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने राज्यपाल के माध्यम से राष्ट्रपति को नोटबंदी से हो रही परेशानियों से संबंधित एक ज्ञापन दिया है।
इस नोटबंदी के कारण जो जन आक्रोश हिमाचल में है, उसकी भी राज्यपाल को जानकारी दी गई। केंद्र सरकार ने नोटबंदी का फैसला लिया है और इससे आम जनता को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। बैंकों में नए नोट आए नहीं हैं और इससे ज्यादा परेशानी है।
सीएम ने केंद्र सरकार को दिया ये सुझाव
भारत सरकार को नोट की इस कमी को जल्द सुलझाना चाहिए। सीएम ने कहा कि हिमाचल में नोटलेस सोसाइटी नहीं है। यह तो अभी महानगरों और बड़े शहरों तक सीमित है। अमेरिका और यूरोप में भी कैशलेस काम में कई दशक लग गए। केंद्र सरकार को जल्दी बैंकों में नोट पहुंचाने चाहिए ताकि लोगों को परेशानी न हो।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बताया कि कि कांग्रेस ने आज प्रदेश की जनता की भावनाओं से राज्यपाल को अवगत करवाया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह पीएम मोदी ने एकदम 500-1000 रुपये के पुराने नोट बंद किए, उस तरीके पर कांग्रेस को आपत्ति है।