जरूरत पड़ी तो हर पांच किमी में भी खोलेंगे स्कूल: वीरभद्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नगरोटा बगवां में परिवहन मंत्री की आभार रैली में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि भाजपा ने कई स्कूलों को खोलने और स्तरोन्नत करने के लिए मेरा विरोध किया, लेकिन मैं उन्हें संदेश देना चाहता हूं कि बच्चों को शिक्षित करने के लिए यदि आवश्यकता हुई तो हमारी सरकार हर पांच किलोमीटर की दूरी पर भी स्कूल खोलेगी।
राज्य सरकार ने पांच साल का नियमित सेवाकाल पूरा करने वाले अनुबंध कर्मियों के नियमितीकरण के अतिरिक्त, जिन दैनिक वेतन भोगी कर्मियों ने सात साल का नियमित सेवाकाल पूरा कर लिया है, उनके नियमितीकरण की प्रक्रिया आरंभ कर दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मशाला के योजनाबद्ध विकास को सुनिश्चित बनाने के लिए इसे राज्य का दूसरा नगर निगम बनाया गया है।
वीरभद्र सिंह ने हिमाचल प्रशासनिक सेवा के अधिकारी संजय धीमान की वाइल्ड ब्यूटी ऑफ ट्राइबल हिमाचल शीर्षक पुस्तक का विमोचन भी किया। इस अवसर पर बाली ने जिला परिषद और पंचायत समितियों के चुनाव पार्टी चिह्न पर करवाने के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया। तर्क दिया गया कि इससे चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वालों का आसानी से पता लगाया जा सकता है।
पार्टी से गद्दारी पर बेटे को भी न छोड़ूं: सीएम
जिला कांगड़ा में कांग्रेस की जिला परिषद न बन पाने का मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का दर्द आखिर छलक ही पड़ा। नगरोटा बगवां में परिवहन मंत्री जीएस बाली की आभार रैली में मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुमत होने के बावजूद कांगड़ा में कांग्रेस की जिला परिषद न बन पाना अफसोस का विषय है। उन्होंने कहा कि भले ही मैं बोल नहीं रहा हूं लेकिन मुझे पार्टी की उन काली भेड़ों का पता है, जिनकी वजह से हार का मुंह देखना पड़ा।
उन्होंने कहा कि गद्दारी करने वालों का मुझे पता है क्योंकि झूठ बोलने वालों की मैं आंखें पढ़ लेता हूं। उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर यदि मेरा बेटा भी गद्दारी करेगा तो मैं उसे भी बर्दाश्त नहीं करूंगा। उधर, नगरोटा बगवां पहुंचने पर मुख्यमंत्री का गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया गया।
उन्हें युवा दोपहिया वाहनों के काफिले के साथ बड़ोह रोड से नगरोटा लाए। यहां एसडीएम कार्यालय देने पर परिवहन मंत्री जीएस बाली ने सीएम के सम्मान में आयोजित आभार रैली में उन्हें सम्मानित किया। बाली ने रैली में सीएम की तारीफों के पुल बांधते हुए उन्हें बड़े दृष्टिकोण का मालिक बताया।
नगरोटा बगवां के लिए सीएम ने लगाईं घोषणाओं की झड़ी
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने विधानसभा क्षेत्र नगरोटा बगवां के लिए कई घोषणाएं कीं। उन्होंने नगरोटा बगवां में राज्य विद्युत बोर्ड मंडल और अग्निशमन पोस्ट खोलने के साथ-साथ नौरा पुल निर्माण के लिए 50 लाख देने की घोषणा की। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पठियार और ढलून के लिए विज्ञान भवन, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला समलोटी और हटवास में वाणिज्य की कक्षाएं आरंभ करने तथा पलाह चकलू पाठशाला को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने नगरोटा में फार्मेसी संस्थान खोलने, 100 सौर लाइटें तथा विधानसभा क्षेत्र में पेयजल की समस्या वाले क्षेत्रों के लिए 15 हैंडपंप स्थापित करने की घोषणा की। वीरभद्र सिंह ने ये घोषणाएं नगरोटा बगवां में बाली की आभार रैली के दौरान कीं।
उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरोह और नागरिक अस्पताल नगरोटा बगवां में चिकित्सकों के पद भरने का आश्वासन भी दिया। इससे पहले सीएम ने विधानसभा के चंगर क्षेत्र की 15 ग्राम पंचायतों के लिए 15 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली विभिन्न पेयजल आपूर्ति योजनाओं के संरक्षण के इळए परियोजना की आधारशिला रखी।
8.12 करोड़ रुपये की सड़क सुधार कार्य की आधारशिला रखी
इस परियोजना से 182 बस्तियां लाभान्वित होंगी। यह योजना वर्ष 2035 तक 30 हजार की अनुमानित जनसंख्या की पेयजल आवश्यकताओं को पूरा करेगी। मुख्यमंत्री ने चोरनाला और जोगल खड्डों पर 6.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले दो पुलों सहित बांदी-मटियारी-गल्लू-करसेड़ा-मूमता सड़क को विकसित करने के लिए भूमि पूजन किया।
उन्होंने 3.36 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नगरोटा से पठियार सड़क के भूमि पूजन की रस्म भी अदा की, जिससे लाहड़, चाहड़ी, खटरेहड़, कैस्थवाड़ी, कवारी, पंतेहड़, लखमादल, नगरोटा और पठियार गांवों की लगभग 16 हजार की आबादी लाभान्वित होगी।
उन्होंने 16 गांवों की 12 हजार की आबादी को लाभान्वित करने वाले 8.12 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले योल-रजियाणा-53 मील सड़क के सुधार एवं शेष बचे कार्य की आधारशिला रखी। वीरभद्र सिंह ने चंगर क्षेत्र के बरोह में लोक निर्माण विभाग के उपमंडल तथा नगरोटा में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंडल के लोकार्पण किए।
इसके बाद डा. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल टांडा में 9 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एनाटॉमी ब्लॉक, लेक्चर थियेटर और परीक्षा हॉल का लोकार्पण किया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर भी उपस्थित रहे। परिवहन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री जीएस बाली ने नगरोटा बगवां में एसडीएम कार्यालय खोलने की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।
जमीन फाइनल, गुमराह कर रहे भाजपा नेता: वीरभद्र
शिमला। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को सीयू की जमीन बारे भाजपा नेताओं ने गलत जानकारी दी। हिमाचल सरकार पर देरी के जो आरोप लगाए हैं, वे निराधार हैं। जदरांगल में भूमि का एक बड़ा हिस्सा फाइनल कर लिया है। पूर्व में रहे वीसी भी इसके लिए जिम्मेवार हैं कि उन्होंने कभी भी जदरांगल का मामला मंत्रालय के समक्ष नहीं रखा।
चिह्नित भूमि खुली है, जबकि स्मृति ईरानी को बताया गया कि यहां पर बड़ी संख्या में पेड़ हैं और ये पहाड़ी क्षेत्र में है। सीयू की स्थापना में देरी को अनुराग ठाकुर ही जिम्मेवार हैं। वे इसे देहरा इसलिए चाह रहे हैं, क्योंकि ये इलाका हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में आता है। अनुराग का मकसद हिमाचल सरकार के निर्णय का विरोध करना ही है।
चाटुकार नेताओं के कहने में आ रहे हैं मुख्यमंत्री: विप्लव
नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। राज्य सभा सांसद व कांग्रेस नेत्री विप्लव ठाकुर ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बेटी के लिए पार्टी टिकट के लिए उन्हें किसी से क्लीन चिट नहीं चाहिए। उन्होंने कहा की केंद्रीय यूनिवर्सिटी देहरा में ही खुलेगी और इसके लिए वह कोई भी कुर्बानी देने के लिए तैयार हैं।
विप्लव ठाकुर नगरोटा सूरियां में पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। विप्लव ने कहा की अगर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह खानदानी राजा हैं तो विप्लव ठाकुर भी खानदानी राजनीति में हैं। अगर बेटी को विधानसभा टिकट दिलवानी होती तो बीते विधानसभा चुनाव में भी दिलवा सकती थीं।
उन्होंने कहा की मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कुछ चाटुकार नेताओं के कहने पर ही केंद्रीय यूनिवर्सिटी को लेकर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय यूनिवर्सिटी के लिए जब देहरा में जमीन का चयन हो चुका है तो यूनिवर्सिटी देहरा में ही खुलकर रहेगी। देहरा में केंद्रीय यूनिवर्सिटी को खुलवाने के लिए वह पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिल चुकी हैं और अब फिर दिल्ली जाकर पीएम और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से मिलेंगी।