Himachal: कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज करने पर सुक्खू-प्रतिभा ने खोला मोर्चा, लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन बताया
पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि लोकसभा चुनाव आते ही भाजपा सत्ता के लिए हर तरह के हथकंडे अपनाती है। कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज किए गए हैं। चुनाव के समय इस तरह की कार्रवाई सही नहीं है।
विस्तार
कांग्रेस पार्टी के बैंक खाते फ्रीज करने पर सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संयुक्त प्रेस वार्ता में दोनों ने कहा कि लोकसभा चुनावों के समय भाजपा इस तरह के हथकंडे अपनाकर सता हथियाना चाहती है। केंद्र सरकार पर षड्यंत्र रचते हुए विपक्षी दलों को कमजोर करने का भी आरोप लगाया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव की घोषणा होते ही केंद्र सरकार का तानाशाही रवैया सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय पैसों का अभाव खड़ा करने के लिए ही पार्टी के बैंक खातों को आयकर विभाग के माध्यम से बंद किया गया है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि लोकसभा चुनाव आते ही भाजपा सत्ता के लिए हर तरह के हथकंडे अपनाती है। कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज किए गए हैं। चुनाव के समय इस तरह की कार्रवाई सही नहीं है। भाजपा को यह लगता है कि वे इस तरह के हथकंडों को अपनाकर सत्ता हासिल कर लेगी। ये लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन है। कांग्रेस इसका पूरजोर विरोध करती है। विपक्ष को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी के खातों को सीज करने को षड्यंत्र बताया।
VIDEO | Here’s what Himachal Pradesh Congress president Pratibha Singh (@virbhadrasingh) said at a press briefing in Shimla.
“As you all know, the Lok Sabha elections have been announced in the country. We want to highlight the dictatorial attitude shown by the central… pic.twitter.com/bLEsSuJhBU — Press Trust of India (@PTI_News) March 22, 2024
मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी को आम जनता और संगठन के लोगो ने दान और चंदा देकर पैसा जमा करवाया था। इसका आयकर विभाग के पास पूरा रिकॉर्ड रहता है। इसके बावजूद चुनावों के समय खातों को सीज कर अलोकतांत्रिक कार्रवाई की गई है। इसका एकमात्र उददेश्य है कि पार्टी के प्रत्याशियों को चुनाव लड़ने के लिए फंड न दे सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास सीटे बेशक कम है लेकिन हम देश की बड़ी पार्टी हैं। पार्टी इन हथकंडों से घबराने वाली नहीं है। इसका विरोध किया जाएगा। भाजपा सरकार को इस तरह की कार्रवाई कर राजनीतिक रोटियां नहीं सेंकनी चाहिए।
कांग्रेस पूरी तरह से एकजुट, सभी एक साथ होकर जल्द उतरेंगे चुनाव प्रचार में : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पूरी तरह से एकजुट है। सभी एक साथ होकर जल्द चुनाव प्रचार में उतरेंगे। शुक्रवार को यहां मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभा सिंह हमारी प्रदेश अध्यक्ष हैं। उनके बोलने का तरीका स्पष्ट है। उनकी बातों को बढ़ा-चढ़ा कर करना गलत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनसे पार्टी के हित में चर्चा होती रहती है। उन्होंने मंडी संसदीय सीट से चुनाव लड़ने को लेकर हाईकमान के समक्ष इन्कार किया है। उस बैठक में मैं भी मौजूद था। इसके पीछे कई बार पारिवारिक कारण होते हैं या कोई और कारण भी होते हैं। कई अड़चनें भी होती हैं। मंडी संसदीय क्षेत्र बहुत बड़ा है। वहां घूमना भी मुश्किल होता है। उन्होंने कहा कि मंडी से युवा, बुजुर्ग और महिला प्रत्याशी भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 15 माह में जो काम किया है, उसको लेकर चुनाव मैदान में जाएंगे। कांग्रेस सरकार ने हर मुद्दे को हल किया है। जेओए आईटी का लंबित परिणाम जारी किया है। कर्मचारियों को पुरानी पेंशन दी है। युवाओं के लिए स्वरोजगार को 680 करोड़ रुपये का स्टार्ट अप फंड योजना शुरू की है। विद्यार्थियों के लिए 20 लाख रुपये की शिक्षा ऋण चलाई गई है। 27 वर्ष की आयु तक वाली गरीब लड़कियों को शिक्षा और दिव्यांग व अनाथ बच्चों के लिए योजना शुरू की। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस को वोट देगी।
नोटों के दम पर कहीं ईमान को गिरवी तो नहीं रख दिया
निर्दलीय विधायकों के इस्तीफे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नोटों के दम पर कहीं ईमान को गिरवी तो नहीं रख दिया गया। उन्होंने कहा कि इस्तीफे के पीछे क्या है, यह देखा जाना चाहिए। वो तो आजाद विधायक थे, उन्हें कांग्रेस से चुनाव तो लड़ना नहीं था और मुख्यमंत्री से उनका कैसा संबंध था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें इस्तीफा नहीं देना चाहिए था, जनता की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए था। यह देखना चाहिए कि कहीं नोटों के दम पर ईमान तो नहीं बेच दिया। उन्होंने कहा कि आजाद विधायक पर सरकार का कोई हस्तक्षेप नहीं होता है, वह किस दबाव की बात कर रहे हैं। लोकतांत्रिक मूल्यों की भाजपा हत्या कर रही है, इसे जनता स्वीकार नहीं करेगी। निर्दलीय विधायकों ने कुछ गलत किया होगा, तभी इस्तीफा दिया है। भाजपा के विधायक इस्तीफा क्यों नहीं दे रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भाजपा देखती है कि सत्ता वोट के दम पर ना मिले तो कोशिश की जाती है कि सत्ता को नोट के दम पर हथियाया जाए। उन्होंने कहा कि निर्दलीय विधायक सीआरपीएफ की सुरक्षा में हेलिकाप्टर में आ रहे हैं और जा भी हेलिकॉप्टर में रहे हैं।
सरकार, मुख्यमंत्री के खिलाफ कभी नहीं कहा : प्रतिभा
प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि मैंने यह कभी नहीं कहा कि मुख्यमंत्री और सरकार काम नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि मैनें जो बयान दिया है वो चुनाव न लड़ने को लेकर उनका निजी फैसला है।
कई विधायकों ने कहा- चिट्ठी नहीं भेजी
उधर, कई कांग्रेस विधायकों का कहना है कि उनकी ओर से प्रतिभा सिंह को अध्यक्ष पद से हटाने की मांग करती चिट्ठी नहीं भेजी गई है। विधायकों के इस बयान ने प्रतिभा सिंह को हटाने की चर्चाओं पर विराम लगा दिया है ताकि पार्टी को चुनावों के दौरान कोई नुकसान न हो।