हिमाचल के सरकारी स्कूलों में इस दिन से होंगे तीन बदलाव, सीएम ने किया इन योजनाओं का शुभारंभ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में बुधवार से तीन बदलाव होंगे। मंडी जिला में सरकारी स्कूलों के बच्चों के अभिभावकों को अब रोजाना उनके बच्चों की गतिविधियों से संबंधित एसएमएस आएंगे।
सूबे के साढ़े दस हजार स्कूलों में विशेष इंग्लिश किट से पहली से तीसरी कक्षा के बच्चों की पढ़ाई करवाई जाएगी। सरकारी स्कूलों के निरीक्षण की रिपोर्ट भी अब मौके पर जाकर मोबाइल फोन से अपलोड करनी होगी।
मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राजधानी शिमला से शिक्षा विभाग में शुरू की गई तीन योजनाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज भी मौजूद रहे।
तीन लाख बच्चों की अंग्रेजी सुधारेगी संपर्क फाउंडेशन
प्रदेश के 10,661 सरकारी स्कूलों में पहली से तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले तीन लाख से अधिक छात्र-छात्राओं का अंग्रेजी भाषा में ज्ञान बढ़ाने में संपर्क फाउंडेशन प्रदेश सरकार का सहयोग करेगी।
मंगलवार को फाउंडेशन के संस्थापक विनीत नायर ने मुख्यमंत्री के हाथों शिक्षकों को इंग्लिश किट वितरित करवाई। एक नामी आईटी कंपनी के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी रह चुके नायर ने बताया कि किट के तहत एक ऑडियो बॉक्स दिया जा रहा है जिसका नाम संपर्क दीदी रखा गया है।
यह बॉक्स अपनी सुरीली आवाज में लिसनिंग-रीडिंग और राइटिंग की पद्धति के साथ गाने, कविताओं और कहानियों के माध्यम से अंग्रेजी पढ़ाएगी। किट में सरल से कठिन और मूर्त से अमूर्त के सिद्धांत को ध्यान में रखते हुए रंग बिरंगे टीचिंग लर्निंग मेटिरियल डिजाइन किए गए हैं।
किट का प्रयोग करने के लिए फाउंडेशन द्वारा शिक्षकों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। नायर ने बताया कि बीते साल स्कूलों में गणित की किट दी गई थी। प्रयास रहेगा कि जल्द साइंस किट भी बांटी जाए। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन द्वारा हिमाचल में 25 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है।
ई-संवाद मोबाइल ऐप घर पहुंचाएगा बच्चों की गतिविधियां
अभिभावकों तक उनके बच्चों की गतिविधियों की रिपोर्ट पहुंचाने के लिए सरकार ने ई-संवाद मोबाइल ऐप लांच की है। मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी जिला के 517 स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों को एसएमएस भेजकर योजना का शुभारंभ किया।
इस ऐप को पूरे प्रदेश में अगले साल से शुरू किया जाएगा। बुधवार से मंडी जिला के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों को उनके बच्चे के प्रदर्शन, उपस्थिति और पीटीए बैठकों की जानकारी से संबंधित एसएमएस भेजे जाएंगे।
फर्जी निरीक्षण को रोकेगा ‘शिक्षा साथी’
सरकारी स्कूलों के अब दफ्तरों में बैठकर फर्जी निरीक्षण नहीं हो सकेंगे। शिक्षा विभाग ने स्कूलों के निरीक्षण के लिए शिक्षा ‘साथी’ ऐप लांच की है। अब शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर किए गए निरीक्षण की रिपोर्ट वहीं से अपलोड करनी होगी।
मौके के फोटो भी अपलोड करने होंगे। कमियों को कैसे सुधारा जा सकता है, इसको लेकर उच्च अधिकारी ऐप में सुझाव देंगे। साल में दो बार एक स्कूल का निरीक्षण करना होगा। निदेशालय के अधिकारी भी इस ऐप के माध्यम से निरीक्षण की रिपोर्टों से अवगत हो सकेंगे।