मनाली के मालरोड पर अटल की प्रतिमा का मुख्यमंत्री जयराम ने किया शिलान्यास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर मनाली के मालरोड पर अटल की प्रतिमा का शुक्रवार को शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये अटल के दूसरे घर कहे जाने वाले मनाली के मालरोड पर छह फीट ऊंची प्रतिमा की आधारशिला रखी।
ढांचे की कुल ऊंचाई 14 फीट होगी। मुख्यमंत्री को वाजपेयी की याद में रखे गए श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचना था, लेकिन खराब मौसम में हेलीकॉप्टर की उड़ान न हो पाने के कारण सीएम ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से अटल को श्रद्धांजलि देने के साथ ही प्रतिमा का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल को अपना दूसरा घर मानने वाले वाजपेयी अवसर मिलने पर हिमाचल जरूर आते थे। हिमाचल को लेकर फिक्रमंद रहने वाले वाजपेयी ने 90 के दशक में कुल्लू के प्रीणी में घर बनाया।
जंगलों से घिरे और ब्यास के किनारे स्थित यह घर उनकी स्मृतियों को आज भी संजोए हुए है। कहा कि वाजपेयी ने राष्ट्र को गतिशील नेतृत्व प्रदान किया। विश्व में उन्हें एक महान नेता के रूप में पहचान मिली।
पक्ष और विपक्ष दोनों में लोकप्रिय रहे अटल को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और राष्ट्रीय राजमार्ग विकास परियोजनाओं के लिए भी जाना जाता है। अटल ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय के दबाव को दरकिनार कर भारत को परमाणु शक्ति बनाया।
40 लाख की लागत से 600 किलो वजन की बनेगी अटल की प्रतिमा
उन्हीं के कार्यकाल में कारगिल युद्ध के दौरान भारत ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी। मुख्यमंत्री ने वीडकि कांफ्रेंस के माध्यम से मनाली में स्थापित की जाने वाली अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा की आधारशिला भी रखी।
इस दौरान उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जगतसुख के 2.62 करोड़ रुपये से निर्मित भवन का लोकार्पण किया और 2.80 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली कृत्रिम रॉक क्लाइंबिंग वॉल की आधारशिला रखी।
उन्होंने नाबार्ड के अंतर्गत 4.24 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली शिला हलाण से तराशी और दचाणी संपर्क सड़क की आधारशिला भी रखी। करीब 40 लाख की लागत से बनने वाली पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमा की कुल ऊंचाई करीब 14 फीट होगी, जिसमें छह फुट की मूर्ति होगी।
मूर्ति का निर्माण लोनिवि द्वारा किया जाएगा। अगले साल होने वाली अटल की पुण्यतिथि तक इसे तैयार कर लिया जाएगा। अटल की इस भव्य प्रतिमा को धातु, लोहे व गनपाउडर से तैयार किया जाएगा।
इसमें 15 प्रतिशत धातु और लोहा शामिल होगा जबकि 85 फीसदी गनपाउडर होगा। 600 किलोग्राम वजनी अटल की इस प्रतिमा के निर्माण के लिए लोनिवि ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।