बेवजह काटा बैलेंस, एयरटेल के सीईओ मित्तल पर ठगी का केस दर्ज
नामी मोबाइल कंपनी एयरटेल के ग्रुप सीईओ पर अदालत के आदेश पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। यह मुकदमा हिमाचल के ऊना पुलिस थाने में दर्ज किया गया है। कोर्ट के आदेश पर ऊना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अधिवक्ता मोहित शर्मा अपने स्मार्ट फोन में एयरटेल कंपनी का डाटा प्लान लिया था। पिछले दिनों मोबाइल कंपनी ने उनके सिम में कुछ एमबी डाटा होने के बावजूद उनके में बैलेंस से 200 रुपये काट लिए। इस पर उन्होंने कस्टमर केयर से संपर्क किया और पूरी बात बताई। इस पर कंपनी ने 148 रुपये तो रिफंड कर दिए और बाकी पैसे लौटाने से मना कर दिया।
लिया कोर्ट का सहारा
इस पर मोहित शर्मा ने जेएमआईसी ऊना के माध्यम से एयरटेल के ग्रुप सीईओ सुनील भारती मित्तल के खिलाफ शिकायत की। अदालत ने पुलिस को आईपीसी की 420, 403, 405 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर इसकी छानबीन के आदेश दिए।
अदालत इस मामले में एक सामाजिक दायरे के तहत कार्रवाई के आदेश दिए हैं। उधर, एसएचओ शेर सिंह ने मामले की पुष्टि की है। इस बारे में जब मोबाइल कंपनी से बात करनी चाही तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
गौरतलब है कि कई अन्य कंपनियों की ओर से भी मोबाइल उपभोक्ताओं के बेवजह बैलेंस कटने जैसी शिकायतें आती रही हैं लेकिन पहली बार किसी कंपनी के खिलाफ इतनी बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है।