Shimla News: अभ्यर्थी बोले- मीठी गोलियां देने की जगह आयोग की परीक्षाओं के परिणाम जारी करे सरकार
अभ्यर्थियों ने मीठी गोलियां देने की जगह हमीरपुर कर्मचारी चयन आयोग की लंबित परीक्षाओं के परिणाम जारी करने की मांग उठाई। अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से चर्चा करने से इंकार करते हुए मुख्यमंत्री से परिणाम जारी करने को लेकर लिखित में आश्वासन देने की मांग की।
विस्तार
पोस्ट कोड 980 कला शिक्षकों का भर्ती परीक्षा परिणाम जारी नहीं होने से नाराज सैकड़ों अभ्यर्थी सोमवार को सचिवालय पहुंचे। अभ्यर्थियों ने मीठी गोलियां देने की जगह हमीरपुर कर्मचारी चयन आयोग की लंबित परीक्षाओं के परिणाम जारी करने की मांग उठाई। अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से चर्चा करने से इंकार करते हुए मुख्यमंत्री से परिणाम जारी करने को लेकर लिखित में आश्वासन देने की मांग की। उन्होंने कहा कि परिणाम जारी करने की तारीख मिलने तक वह घरों को नहीं लौटेंगे। सचिवालय के बाहर ही डटे रहेंगे। सोमवार दोपहर से सैकड़ों अभ्यर्थी प्रदेश सचिवालय के बाहर मुख्यमंत्री से मिलने के लिए खड़े रहे। अभ्यर्थियों ने कहा कि कई बार हम मुख्यमंत्री से मिल चुके हैं। उन्होंने कई आश्वासन दिए लेकिन परिणाम अभी तक जारी नहीं हुआ है। पोस्ट कोड 980 की परीक्षा पर कोई आरोप नहीं लगा है।
अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच भी पूरी हो चुकी है। कई अभ्यर्थियों ने कहा कि अब तो उनके बच्चों की नौकरी भी लगने लगी है। दिनरात मेहनत कर उन्होंने परीक्षा पास की है। पेपर खरीदने और बेचने वाले खुले में घूम रहे हैं। हम बेरोजगार धक्के खाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि 120 दिन से विजिलेंस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी है। ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार इस मामले को जानबूझ कर लंबित कर रही है। महिला अभ्यर्थयों ने रुंधे गले से कहा कि सरकार सिर्फ मीठी गोली दे रही है। सरकार पर अब विश्वास नहीं रहा है। हमारी उम्र 40 से अधिक हो गई है, बच्चों को हम घरों पर छोड़कर आए हैं। पहले हम भाजपा से परेशान थे, अब कांग्रेस से भी परेशान हो गए हैं। भविष्य के चुनावों में हम नोटा के विकल्प के लिए जा सकते हैं। उधर, जेओए लाइब्रेरी परीक्षा के अभ्यर्थी भी सचिवालय पहुंचे।