कसुम्पटी में चोरी का पर्दाफाश, रिश्तेदार निकला मास्टरमाइंड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कसुम्पटी में कारोबारी के घर से हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने चोरी के मामले में कारोबारी के एक नाबालिग रिश्तेदार और मोटर मैकेनिक को पकड़ा है। आरोपी सत्रह साल का नाबालिग है। यह शिकायतकर्ता गोविंद प्रसाद को दूर के रिश्ते में मामा कहता है। दूसरा आरोपी फकरूदीन (32) निवासी सहारनपुर नाजियाबाद का रहने वाला है।
वह शिमला में मोटर मैकेनिक है। इसके किराये के घर से सोने के जेवरात बरामद किए गए हैं। जबकि, चोरी का अन्य सामान नाबालिग आरोपी के घर से बरामद किया गया है। नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा जा रहा है, दूसरे आरोपी का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
महिला थाने के एएसआई हेतराम की अगुवाई में आरोपियों से 3 लाख कीमत के सोने के आभूषण, 42 हजार कीमत के चांदी के सिक्के , 61 हजार रुपये नगद और 9 हजार कीमत की सिगरेट के पैकेट बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने कुल 4 लाख 12 हजार कीमत की रिकवरी की है। अमूमन गहने चोरी मामले में बरामदगी की गुंजाइश बहुत कम रहती है।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
आरोपियों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया, जब कारोबारी धार्मिक यात्रा के लिए परिवार सहित घर से बाहर गया था। नाबालिग आरोपी इस बात से अच्छी तरह से वाकिफ था कि घर में कोई नहीं है और यहां से वह कीमती सामान आराम से चुरा लेंगे। आरोप है कि उसने इस साजिश में मोटर मैकेनिक को शामिल किया।
दोनों ने योजना बनाई और घर का कुंडा उखाड़कर भीतर दाखिल हुए और तसल्ली से पूरे घर की तलाशी ली। आरोपी यहां से सोने का हार, मंगल सूत्र, चूड़ियों सहित करीब नब्बे हजार नगद ले गए थे। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की। इस मामले में पुलिस को शुरू से ही आसपास के लोगों को पर संदेह था।
पुलिस ने मुखबिरों का जाल बिछाया और उनकी मेहनत रंग लाई। एएसआई हेतराम को सूचना मिली कि गोविंद प्रसाद के घर में हुई चोरी में उसके ही एक दूर के रिश्तेदार का हाथ है। रविवार सुबह दबिश दी गई तो चोरी का सामान मिल गया। पुलिस के सामने आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। इनसे पूछताछ चल रही है।
यह दी थी पुलिस में शिकायत
पुलिस को दी शिकायत में कसुम्पटी के रहने वाले गोविंद प्रसाद ने कहा था कि वह परिवार के साथ धार्मिक स्थलों पर गया हुआ था। 12 दिसंबर को वह हरिद्वार से लौट कर यहां पहुंचा तो उसके दरवाजे का कुंडा टूटा हुआ था और घर से कीमती सामान गायब था। पुलिस पूछताछ में शिकायतकर्ता ने कहा कि उसकी यात्रा के बारे में कई लोगों को पता था।
चोरी का मामला सुलझाने वाले एएसआई हेतराम को सीसी-1 सर्टिफिकेट महकमे की ओर से दिया जाएगा। इसमें सीसी-1 सर्टिफिकेट के साथ नगद पुरस्कार भी दिया जाएगा। सर्टिफिकेट पदोन्नति में सहायक रहता है। महकमे की ओर से जब जांच अधिकारियों को इस तरह सम्मान दिया जाता है तो दूसरे जांच अधिकारियों का भी मनोबल बढ़ता है।
एसपी डीडब्ल्यू नेगी ने कहा कि कसुम्पटी में हुई चोरी का मामला सुलझा लिया गया है। चोरी में दो लोग शामिल थे। इनमें एक नाबालिग है। तीन लाख कीमत के आभूषण बरामद किए गए हैं। एएसआई को सीसी-1 सर्टिफिकेट दिया जाएगा। मामले की जांच चल रही है।