आग से गोशाला में जिंदा जले छह मवेशी, सात झुलसे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोरखूवाला पंचायत के श्यामपुर गांव में भयंकर अग्निकांड में छह भैंसों की जिंदा जलकर मौत हो गई। जबकि, सात मवेशी आग से बुरी तरह झुलस गए हैं। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अग्निकांड में पशुपालक को सात लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। उधर, सिंघपुरा पुलिस चौकी प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक सोमवार देर रात को गोरखूवाला पंचायत के श्यामपुर गांव की गुज्जर कॉलोनी में कासम अली पुत्र अली शेर के घर के साथ बनी
गोशाला में भयंकर आग लग गई। गोशाला से लपटें उठती देख तुरंत सूचना फायर स्टेशन पांवटा सूरजपुर को दी गई। दमकल विभाग ने आग पर काबू पाकर लाखों की संपत्ति को आग की चपेट में आने से बचा लिया, लेकिन अग्निकांड में गोशाला में बंधी छह भैंसें जिंदा जल गईं। इसके अलावा छह अन्य भैंसें और मवेशी भी झुलस गए हैं।
प्रभावित परिवार को 50 हजार रुपये की फौरी राहत
स्थानीय निवासी विनोद कुमार, जमीला, शमशेर अली, बशीर अली, सुल्तान और मशहूर दीन ने बताया कि अग्निकांड से पशुपालक गुज्जर कासम अली को लाखों की क्षति हुई है। पीड़ित परिवार ने अग्निकांड के पीछे किसी शरारती तत्व के हाथ की भी आशंका जताई है।
गुज्जर कॉलोनी में पशुपालक कासम अली के पास करीब दो दर्जन मवेशी हैं। आग लगने के बाद गोशाला में रस्सी से बंधे मवेशी इधर-उधर भाग कर बच गए। अग्निशमन केंद्र पांवटा अधिकारी प्रेम चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही दो टीमें लेकर वह मौके पर पहुंचे।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी से काबू पा लिया है। उन्होंने बताया कि आग को रिहायशी मकानों और जंगल की तरफ फैलने से रोका गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
तहसीलदार पांवटा वेद प्रकाश अग्निहोत्री ने बताया कि प्रभावित परिवार को मौके पर ही 50 हजार रुपये फौरी सहायता राशि प्रदान की गई है। स्थानीय पटवारी और कानूनगो क्षति रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। सिंघपुरा पुलिस चौकी टीम मामले की जांच में जुट गई है।