Shimla News: प्री प्राइमरी शिक्षक भर्ती में आंगनबाड़ी वर्करों को शामिल करने पर मंथन शुरू
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में नियुक्त किए जाने वाले करीब 4500 प्री प्राइमरी शिक्षकों की भर्ती में आंगनबाड़ी वर्करों को शामिल करने पर मंथन शुरू हो गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में नियुक्त किए जाने वाले करीब 4500 प्री प्राइमरी शिक्षकों की भर्ती में आंगनबाड़ी वर्करों को शामिल करने पर मंथन शुरू हो गया है। इसको लेकर राज्य सचिवालय में शिक्षा सचिव राकेश कंवर की अध्यक्षता में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के साथ पहली बैठक हुई। इस दौरान दोनों विभागों ने एक-दूसरे से अपनी शंकाओं से संबंधित जानकारियां मांगीं। अगली बैठक में दोनों विभाग रिकॉर्ड के साथ रणनीति बनाएंगे। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने प्री प्राइमरी शिक्षकों की भर्ती के प्रस्ताव को जल्द से जल्द मंत्रिमंडल की बैठक में लाने के निर्देश दिए हैं। इसको लेकर कड़ी में को शिक्षा सचिव ने महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशक रुपाली ठाकुर के साथ बैठक की।
इस दौरान 18950 आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यरत वर्करों की शैक्षणिक योग्यता को लेकर चर्चा की गई। प्री प्राइमरी शिक्षक भर्ती के लिए क्या न्यूनतम शैक्षणिक तय होगी, इस पर भी मंथन हुआ। आंगनबाड़ी वर्करों को दिए जाने वाले वेतन और शैक्षणिक योग्यता का रिकॉर्ड आगामी बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से लाया जाएगा। बैठक में कहा गया कि निजी क्षेत्र में खुले प्ले स्कूलों की ओर अभिभावकों का रुझान कुछ वर्षों से बढ़ा है। आगनंबाड़ी केंद्रों में अब कम बच्चों को भेजा जाता है। केंद्रों के माध्यम से पोषाहार से संबंधित कार्य ही अधिक किए जा रहे हैं। प्रदेश में बीते चार वर्षों से प्री प्राइमरी शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर बैठकें हो रही हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारी कई राज्यों के निरीक्षण कर भी लौट आए हैं लेकिन यह भर्ती सिरे नहीं चढ़ रही है। अब सुक्खू सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द भर्तियां करने का फैसला लिया है।