रिलायंस जिओ के कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में रिलायंस जिओ के कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। प्रदेश में रिलायंस के करीब आधा दर्जन कार्यालय हैं। आरोपी टोल फ्री नंबर पर बार-बार कार्यालय में बम रखने की धमकी दे रहा है। इस वजह से प्रबंधन दहशत में है। उसकी धमकियों से परेशान होकर शिमला के साइबर सेल में रोहित पुरी की ओर से शिकायत दी गई है। धमकी भरी सीडी भी साइबर सेल को सौंपी है।
इस आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक मुंबई कार्यालय में टोल फ्री नंबर पर रिलायंस जिओ के हिमाचल सर्कल को उड़ाने की धमकी दी जा रही थी। शिमला सहित रिलायंस जिओ के कई जगह कार्यालय हैं। धमकी को पहले किसी सिरफिरे की शरारत समझा गया, लेकिन जब टोल फ्री नंबर पर आरोपी बार-बार बम से उड़ाने की धमकी देने लगा तो उसे गंभीरता से लिया गया।
साइबर सेल ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी की तलाश में जुटी टीम
टोल फ्री नंबर मुंबई कार्यालय से ऑपरेट होता है। हिमाचल सर्कल से जुड़ा मामला होने की वजह से रिलायंस जिओ ने यहां शिकायत दर्ज करवाई। आरोपी की धमकी भरी बातों की सीडी भी साइबर सेल को सौंप दी गई। कंपनी की ओर से यह भी जानकारी दी गई कि यह धमकी बद्दी से दी जा रही है।
साइबर सेल ने इस धमकी को गंभीरता से लिया है और आरोपी की धरपकड़ के लिए टीम बनाई है। एक दो दिन के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी संभव है। डीआईजी सीआईडी डॉ. विनोद धवन ने कहा कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी की धरपकड़ के लिए एक टीम को भेजा गया है। टीम जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी।