{"_id":"63a468d786dafc6f3a695de7","slug":"bjp-protested-across-the-state-against-the-closure-of-institutions-and-offices","type":"story","status":"publish","title_hn":"हिमाचल: सरकारी संस्थान और कार्यालय बंद करने के विरोध में भाजपा ने प्रदेश भर में किया प्रदर्शन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हिमाचल: सरकारी संस्थान और कार्यालय बंद करने के विरोध में भाजपा ने प्रदेश भर में किया प्रदर्शन
Thu, 22 Dec 2022 07:56 PM IST
Krishan Singh
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला/मंडी/थुनाग/नेरचौक
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला/मंडी/थुनाग/नेरचौक
Published by: Krishan Singh
Updated Thu, 22 Dec 2022 07:56 PM IST
सार
मंडी के सराज, बल्ह, हमीरपुर के भोरंज, सिरमौर के पांवटा और संगड़ाह में सुक्खू सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। इस संबंध में भाजपा नेताओं ने राज्यपाल को भी ज्ञापन भेजे हैं।
विज्ञापन
भाजपा ने प्रदेश भर में किया प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में कई संस्थानों और कार्यालयों को बंद करने के विरोध में भाजपा ने प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं। गुरुवार को मंडी के सराज, बल्ह, हमीरपुर के भोरंज, सिरमौर के पांवटा और संगड़ाह में सुक्खू सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। इस संबंध में भाजपा नेताओं ने राज्यपाल को भी ज्ञापन भेजे हैं। अन्य जिलों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं की उग्र आंदोलन की चेतावनी है। उधर, पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने भी कहा है कि जनता का यह रोष और निराशा कांग्रेस सरकार के लिए महंगी पड़ने वाली है। कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की भोली-भाली जनता को ठगने का काम किया है और निश्चित रूप से इसका खामियाजा कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा।
विज्ञापन
सराज और बल्ह क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किए। इस दौरान रोष रैलियां निकाली गईं और सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करके नारेबाजी की गई। बल्ह में विधायक इंद्र सिंह गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी और सीएम सुखविंद्र सुक्खू के खिलाफ नारे लगाए गए। दोनों ही स्थानों पर बाद में एसडीएम और तहसीलदार के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भी भेजे गए। सराज भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कहा कि सरकार बदले की भावना से कार्य कर रही है। विरोध प्रदर्शन के दौरान थुनाग में पुरानी तहसील से लेकर मिनी सचिवालय तक रैली निकाली गई।
विज्ञापन
जिला हमीरपुर में जयराम सरकार के कार्यकाल में अधिसूचित विभिन्न सरकारी कार्यालयों को सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार की ओर से बंद करने पर भाजपा कार्यकर्ता भड़क उठे। भाजपा मंडल भोरंज ने गुरुवार को अध्यक्ष देशराज शर्मा की अध्यक्षता में कांग्रेस सरकार की ओर से भोरंज में बंद किए विभिन्न संस्थानों के विरोध में एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पूर्व विधायक कमलेश कुमारी और डॉक्टर अनिल धीमान विशेष रूप से उपस्थित रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बस्सी चौक पर संस्थान बंद करने के विरोध में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और एसडीएम कार्यालय तक गए।
विज्ञापन
भाजपा मंडल पांवटा साहिब ने भी शहर में कांग्रेस सरकार के फैसलों का जमकर विरोध दिया। भाजपा ने धरना प्रदर्शन कर विश्राम गृह से लघु सचिवालय तक नारेबाजी करते हुए रैली निकाली। स्थानीय विधायक एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी के नेतृत्व में भाजपा ने एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। सरकारी संस्थान डिनोटिफाई करने से उखड़ी रेणुकाजी भाजपा ने वीरवार को संगड़ाह में प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इस दौरान रेणुकाजी भाजपा मंडल ने लघु सचिवालय संगड़ाह में सांकेतिक प्रदर्शन किया। इस क्षेत्र में विद्युत मंडल सहित अन्य संस्थान डिनोटिफाई किए जाने पर एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया।