मंत्री पद न मिलने पर ये विधायक नाराज, समर्थकों ने किया हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ज्वालामुखी के विधायक रमेश धवाला को मंत्री नहीं बनाने पर उनके समर्थकों ने जमकर रोष जताया। गुस्साए समर्थक वीरवार को धवाला के घर पर पहुंच गए। धवाला समर्थकों को शांत करने लगे और मंत्री न बन पाने की अपने मन की टीस भी निकालते रहे।
मंत्री न बन पाने की टीस का वीडियो थोड़ी देर बाद फेसबुक पर वायरल हो गया। ज्वालाजी में शाम को परिवार सहित माता के दर्शन करने पहुंचे प्रदेश भाजपा प्रभारी मंगल पांडेय से भी धवाला को मंत्री नहीं बनाने का कारण पूछ डाला।
हालांकि, मंत्री ने धार्मिक दौरे पर राजनीतिक बात करने से मना कर दिया। फेसबुक पर वायरल वीडियो में लोग धवाला से कह रहे हैं कि हाईकमान ने आपको मंत्री न बनाकर ज्वालाजी की जनता और ओबीसी वर्ग की अनदेखी की है।
धवाला ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। वीडियो में धवाला ने कहा कि मैं आपके दर्द को समझता हूं। लोग मेरे घर में आकर रो रहे और कह रहे हैं कि इसका आगामी चुनाव में असर पड़ सकता है। मेरा जीवन सादगी भरा है।
मुझे कोई मलाल नहीं
हमेशा भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी। ईमानदारी से काम किया। पार्टी सोशल जस्टिस की बात करती है तो यह धरातल पर भी दिखाई देना चाहिए, लेकिन धरातल पर इसका उलट हो रहा है। धवाला ने समर्थकों से कहा कि वे ज्वालाजी मंदिर में आए प्रदेश प्रभारी मंगल पांडेय से भी बात कर सकते हैं कि ये बेइंसाफी क्यों हुई?
बाकी, यह जरूरी नहीं कि पोर्टफोलिया मिलने के बाद ही काम होते हैं। बिना पोर्टफोलिया के भी काम होते हैं। सिर्फ नीयत साफ होनी चाहिए। हाईकमान जो भी करेगा ठीक करेगा। आप निराश न हों। इसके बाद धवाला शिमला चले गए।
अमर उजाला से विशेष बातचीत में विधायक रमेश धवाला ने कहा कि मंत्री पद न मिलने से जनता में नाराजगी है। मुझे कोई मलाल नहीं है। पार्टी का विरोध नहीं होगा।
मंत्रिमंडल किस फार्मूले से बनाया गया, यह समझ में नहीं आया। पार्टी के लिए हमेशा संघर्ष किया। वर्ष 1998 मैं समर्थन न देता तो सरकार नहीं बनती। वरिष्ठ नेता शांता कुमार से बात की है। जेपी नड्डा से भी बात करूंगा। अगर कोई गुंजाइश होगी तो ठीक नहीं तो कोई गिला शिकवा नहीं।