देश भर में एक से 15 दिसंबर तक चुने जाएंगे भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष: सत्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि दिसंबर के पहले पखवाड़े में देश भर के राज्य अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया चलाई जाएगी। एक से 15 दिसंबर तक प्रस्तावित चुनाव प्रक्रिया से पार्टी को नए प्रदेश अध्यक्ष मिलेंगे। इसके लिए तैयारियां चल रही हैं। ऊना जिले में आयोजित पार्टी की बैठक में सत्ती ने कहा कि हिमाचल में भारतीय जनता पार्टी का सदस्यता अभियान समाप्त हो गया है। अब सक्रिय सदस्यता अभियान चल रहा है। पूरे देश के अंदर बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक चुनाव होना है। सितंबर में चुनावी अभियान जारी रहेगा। मेंबरशिप एक्टिव अभियान को 10 सितंबर को समाप्त किया जाएगा।
सत्ती ने कहा कि 11 से 30 सितंबर तक बूथ स्तर के चुनाव संपन्न करवाए जाएंगे। 11 अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक मंडलों के चुनाव होंगे। नवंबर में जिलों के चुनाव होंगे। इसके बाद 1 से 15 दिसंबर तक प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होगा। सत्ती ने कहा कि मंडल में 46 कार्यकर्ताओं की टीम बनेगी, इसमें हर मंडल में 15 महिलाओं को पदाधिकारी व कार्यकारिणी में लेना अनिवार्य किया गया है।
हर मंडल में एससी-एसटी वर्ग से भी तीन-तीन सदस्य आवश्यक रूप से शामिल किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मंडलों व जिलों में पदाधिकारियों का चयन करते समय इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि उन्हीं कार्यकर्ताओं को मौका मिले जो पार्टी कार्य के लिए समय दे सकें और सक्रियता के साथ संगठन का काम आगे बढ़ा सकें।
अनुच्छेद 370 हटाने पर होगा जनजागरण
सत्ती ने कहा कि अनुच्छेद 370 को लेकर जन जागरूकता बढ़ाने के लिए इस पूरे महीने जनजागरण व संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत मंडल स्तर पर एक हजार कार्यकर्ताओं का सम्मेलन होगा। सम्मेलन के माध्यम से अनुच्छेद 370 के क्या दुष्प्रभाव रहे और इसे क्यों हटाना पड़ा, इसको लेकर जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा 35ए के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
पीएम मोदी के जन्मदिन पर होगा सेवा सप्ताह
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर भाजपा प्रदेश भर में सेवा सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन करेगी। गरीब और जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं से लाभ दिलाने के बारे में 14 से 20 सितंबर तक जागरूक किया जाएगा। सेवा सप्ताह के माध्यम से सामान्य व्यक्तियों को लाभ देने के प्रयास किए जाएंगे।
भाजपा की संगठनात्मक चुनावों पर चर्चा, सत्ती बोले- उपचुनाव को कस लें कमर
प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कार्यकर्ताओं से उपचुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं से कमर कसने को कहा है। रविवार को ऊना के एक निजी पैलेस में आयोजित बैठक में सत्ती ने कहा कि पच्छाद और धर्मशाला में पार्टी बड़ी जीत दर्ज करेगी। बैठक में पार्टी के संगठनात्मक चुनावों पर चर्चा की गई। उपचुनाव में टिकट को लेकर सत्ती ने कहा कि उपचुनाव में टिकट पार्टी हाईकमान तय करता है।
चुनाव समिति किस व्यक्ति को टिकट देती है, ये उनका फैसला है। पार्टी लगातार तैयारी में जुटी हुई है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पच्छाद विस क्षेत्र में हैं और 2 सितंबर को धर्मशाला विस क्षेत्र में आएंगे। दोनों विस क्षेत्र में सीएम का पिछले एक माह में दूसरा दौरा है।
वहीं बैठक में प्रदेश के ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज्य मंत्री वीरेंद्र कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सरकार बेहतरीन कार्य कर रही है। हर वर्ग के कल्याण के लिए नीतियां बनाई गई हैं। सरकार के सभी ऐतिहासिक कार्यों को पदाधिकारी व कार्यकर्ता घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने इस अवसर पर कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों की विस्तृत जानकारी भी दी।
जिलाध्यक्ष बलवीर बग्गा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विधायक बलवीर चौधरी, राजेश ठाकुर, भाजपा नेता प्रवीण शर्मा, प्रो. राम कुमार, हरिओम भनोट, विजय पाल सहारू, राम प्रकाश पटियाल, यशपाल राणा, विजय चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में संगठनात्मक चुनावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
राज्य भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि गुरु नानक देव जी के 550 में वर्ष के कार्यक्रम को भाजपा धूमधाम से मनाएगी। इसके लिए जिला ऊना के हर मंडल में भाजपा कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस दौरान गुरु नानक देव जी की शिक्षा आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
बैठक में भाजपा नेता राम मूर्ति शर्मा, मनोहर लाल, रमेश भड़ोलिया, शाम मिन्हास, जसविंद्र गोगा, हरपाल सिंह, राज कुमार डोगरा, पवन बीटन, जगजीत मनकोटिया, बशीर मोहम्मद, सतीश ठाकुर, कुलविंद्र ठाकुर, रजनी मनकोटिया, सरिता चौधरी, शंभु गोस्वामी, तिलक राज सैनी, उदय सिंह ठाकुर, विनय शर्मा, अंजू बाला, कैप्टन प्रीतम डडवाल, महेश मेहता, अमृत लाल भारद्वाज, राज कुमार पठानिया, तरसेम लाल, जय देव सिंह तथा नरेश जसवाल सहित अन्य भी उपस्थित थे।