उपचुनाव: भाजपा ने धर्मशाला को चार जोन में बांटा, इन नेताओं को दी जिम्मेदारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
धर्मशाला उपचुनाव की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूरी ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश प्रभारी मंगल पांडे, प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती और संगठन मंत्री पवन राणा ने सोमवार सुबह सर्किट हाउस में बैठक कर उपचुनाव के लिए सियासी फील्डिंग सजाई।
सर्किट हाउस में पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, सांसद किशन कपूर और कांगड़ा-चंबा विधानसभा क्षेत्र के सभी विधायक, हारे हुए प्रत्याशी, जिला अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।
चार सेक्टर बनाकर कांगड़ा के दो मंत्रियों सरवीण चौधरी, विक्रम ठाकुर, चंबा जिले से विधानसभा के डिप्टी स्पीकर हंसराज और योजना आयोग के उपाध्यक्ष रमेश धवाला को बतौर प्रभारी बनाकर चुनावी टीम बनाई। सरवीण चौधरी, रमेश धवाला, विक्रम ठाकुर, हंसराज की टीम में कांगड़ा और चंबा जिला के विधायक और कुछ पदाधिकारी भी शामिल किए गए हैं। उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर को धर्मशाला का कोतवाली बाजार से मैकलोडगंज तक का इलाका दिया गया है।
रमेश धवाला को चैतड़ू से सकोह तक, हंसराज को दाड़ी और सरवीण चौधरी को जदरांगल वाला इलाका दिया गया है। धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के 88 बूथों में से 22-22 बूथ एक एक प्रभारी को दिए गए हैं। यह प्रभारी 14 सितंबर को अपने अपने सेक्टर की टीम के साथ बैठक कर आगामी रणनीति बनाएंगे। उधर, पच्छाद विधानसभा क्षेत्र को भी भाजपा सेक्टरों में बांटकर चुनावी रण सजाएगी। सेक्टरों के प्रभारी 15 सितंबर को अपनी अपनी टीम की बैठक लेंगे।
परमार को नहीं मिली बड़ी जिम्मेदारी
सर्किट हाउस धर्मशाला में जयराम ठाकुर, मंगल पांडे, सतपाल सत्ती, शांता कुमार की उपस्थिति में चंबा-कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सभी विधायकों और मंत्रियों के साथ हुई बैठक में सरवीण चौधरी, रमेश धवाला, विक्रम ठाकुर, हंसराज को उपचुनाव के लिए बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गईं। हैरत है कि बतौर सेक्टर इंचार्ज स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार को कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई। कांगड़ा के 3 में से दो ही मंत्रियों सरवीण चौधरी और विक्रम ठाकुर को बड़ा जिम्मा दिया गया। हालांकि, सांसद किशन कपूर को भी उपचुनाव की कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं दी गई। महत्वपूर्ण बैठक में स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार को बड़ी जिम्मेदारी नहीं मिलने को लेकर राजनीतिक गलियारे में चर्चाओं को दौर शुरू हो गया है।
तैयारियों में कांग्रेस से आगे निकली भाजपा
उपचुनाव के लिए तैयारियों को लेकर भाजपा कांग्रेस से आगे निकल गई है। सोमवार को भाजपा ने उपचुनाव की तैयारियों के लिए अपनी पूरी टीम बना दी। चुनाव की तारीख की घोषणा होते ही टीम अपने काम पर लग जाएगी। उधर, कांग्रेस की ओर से प्रदेश नेतृत्व की ओर से अभी तक उपचुनाव के लिए कोई बड़ी तैयारी नहीं की गई है। हालांकि, सुधीर शर्मा की टीम अंदरखाते खुद चुनावी तैयारियों में लगी हुई है।
पच्छाद में मंत्री भारद्वाज व सैजल पर होगी बड़ी जिम्मेदारी
विधानसभा उपचुनाव में पच्छाद निर्वाचन क्षेत्र में प्रदेश भाजपा ने शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री राजीव सैजल को बड़ी जिम्मेदारी दी है। भाजपा के सूत्रों ने बताया कि शिमला संसदीय क्षेत्र से होने के नाते पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में ये मंत्री चुनाव प्रचार पर विशेष फोकस करेंगे।
इसी तरह से इस क्षेत्र के भाजपा विधायकों और विभिन्न निगमों-बोर्डों के अध्यक्षों-उपाध्यक्षों पर भी इस क्षेत्र में चुनाव प्रचार का दारोमदार होगा। जल्दी ही इन्हें ग्राम पंचायतवार, पंचायत समिति के वार्डवार या जिला परिषद के वार्डवार प्रचार का उत्तरदायित्व दिया जा सकता है।