हिमाचल प्रदेश में बड़ा सड़क हादसा, मंडी में नदी में गिरी पिकअप, बिहार के सात मजदूरों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मनाली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर रविवार देर रात करीब दो बजे मंडी से एक किलोमीटर आगे पुल घराट के पास महिंद्रा पिकअप जीप अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए सुकेती खड्ड में जा गिरी। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई जबकि जीप चालक गंभीर रूप से घायल है। मारे गए लोग बिहार के हैं, जो पेशे से मजदूर थे। ये सभी पंजाब के लुधियाना से मजदूरी के लिए बस से मंडी बस अड्डे पर पहुंचे थे। यहां से ठेकेदार का ड्राइवर इन्हें पिकअप में बैठकर गुटकर ले जा रहा था। पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है।
जिस ठेकेदार के पास ये मजदूर आ रहे थे, उसका अभी पता नहीं चल पाया है। हादसे में घायल चालक विपिन कुमार (30) पुत्र श्रवण कुमार निवासी काली जन डाकघर लीली तहसील नगरोटा बगवां कांगड़ा का उपचार क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना से एसएचओ विनोद कुमार व अग्निशमन विभाग के जवान मौके पर पहुंचे। इन्होंने खड्ड में गिरी गाड़ी से शव बाहर निकाले। चालक व एक अन्य व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती करवाया, लेकिन गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि परिजनों के आने पर ही पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जताया शोक
शिमला। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हादसे में सात श्रमिकों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संकट की घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
PM Narendra Modi expresses condolences over the deaths in Mandi road accident.
"News of a road accident in Himachal Pradesh's Mandi has caused immense grief. Govt is involved in relief & rescue operations. I express my deepest condolences to the families of the dead," he tweeted https://t.co/cF5QWmsMEx pic.twitter.com/lBi3HC67fU
— ANI (@ANI) November 16, 2020
हादसे में इनकी गई जान
हसरत (26) पुत्र भोला डांगी डाकघर भरली तहसील दुर्गागंभ जिला कटिहार, सबीर आलम (21) पुत्र मोहम्मद मुस्लिम गांव अहमदपुर उफरैल जिला कटिहार, शाहजहां रजा (18) पुत्र मशीबुल गांव उफरैल डाकघर कुरहैला जिला कटिहार, अनवारूल हक (20) वर्ष पुत्र शाहिद उल रहमान वार्ड नंबर 8 शिकारपुर डाकघर कटिहार, मोहम्मद इमरान (27) पुत्र गुलाम हुसेन गांव कटिहार सालमारी, मोहम्मद साजिद (16) पुत्र मोहम्मद नैयर आलम, निवासी कटिहार सालमारी और मोहम्मद फैजान रजा (16) वर्ष पुत्र मोहम्मद नजीर आलम कटिहार सलमारी बिहार।