आखिरकार अब रंग लाएगी मेघा की मेहनत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गरीबी अब शायद प्रदेश की होनहार बेटी की राह में रोड़ा नहीं बनेगी। चंबा जिले के पुखरी स्कूल की मेघा ठाकुर की मदद को कई हाथ उठे हैं। मेघा के लिए न सिर्फ हिमाचल से बाहर जाने का प्रबंध हो जाएगा, बल्कि सुनहरे भविष्य के लिए बेहतर कोचिंग भी मिल सकती है।
सीनियर सेकेंडरी स्कूल चंडी (पुखरी) की छात्रा मेघा ठाकुर का चयन राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए हुआ है। छात्रा के परिजन गरीब हैं। वे मेघा की कोचिंग या फिर ड्रेस कोड को पूरा करने का खर्च तक नहीं उठाने की स्थिति में नहीं हैं।
अमर उजाला ने होनहार खिलाड़ी की मुश्किलों को प्रदेश की जनता के समक्ष रखा। इसके बाद मेघा ठाकुर की मदद को कई हाथ उठने लगे हैं। खिलाड़ी छात्रा की कोचिंग से लेकर हर खर्च तक उठाने के साथ मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से भी हर संभव सहायता दिलाने की बात कही जा रही है।
परिजनों के चेहरे पर लौटी खुशी
वहीं, 16 वर्षीय मेघा ठाकुर के पिता भी काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद आज इतने लोग उनकी लाडली की मदद के लिए तैयार हैं। बैडमिंटन में राष्ट्रीय स्तर पर वह अपनी बेटी को चमक बिखेरते देखना चाहते हैं।
सरकार, बोर्ड से मांगेंगे मदद : भरमौरी
राज्य खेल एवं युवा कल्याण बोर्ड के सदस्य सुरजीत भरमौरी ने कहा कि उन्होंने जिला खेल अधिकारी से बातचीत की है। मुख्यमंत्री से भी छात्रा को प्रोत्साहित करने और आगे बढ़ने के लिए मदद का आह्वान किया जाएगा। वह बोर्ड के माध्यम से भी छात्रा की मदद को प्रस्ताव रखेंगे।
हर जरूरत पूरी करूंगा : मुकेश
शिव बेकर सोलन के संचालक मुकेश गुप्ता ने कहा कि वह छात्रा की हर जरूरत पूरी करने को तैयार हैं। जल्द छात्रा के अभिभावकों से मुलाकात करेंगे। छात्रा के परिजनों से बातचीत की है। उन्हें लगता है कि प्रतिभावान छात्रा की मदद की जाए तो वह राष्ट्रीय स्तर पर सिक्का जमा सकती है।
शिक्षा विभाग करेगा व्यवस्था
प्रदेश के पूर्व रणजी खिलाड़ी अजय मनु ने छात्रा को प्रशिक्षित करने की बात कही है। मनु ने कहा कि वह मेघा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करते देखना चाहते हैं। यह मंजूर नहीं होगा कि एक खिलाड़ी की प्रतिभा का अंत पुखरी में ही हो जाए। राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाना चंबा के लिए गौरव की बात है।
खेल विभाग नहीं कर पाएगा मदद : धीमान
जिला खेल विभाग अधिकारी सुदेश धीमान ने कहा कि विभाग के पास स्कूली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कोई योजना नहीं है। खेल विभाग पाइका या ओपन स्तर के दूसरे खेलों के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करता है। उन्हें उनके घर से खेलकूद स्थल तक होने वाली सभी खर्च व रहने की व्यवस्था विभाग की तरफ से होती है।
शिक्षा विभाग करेगा व्यवस्था : ठाकुर
वहीं, शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने कहा कि शिक्षा विभाग छात्रा के आने-जाने से लेकर खेल में हिस्सा लेने तक का पूरा खर्च उठाएगा। यदि छात्रा भविष्य में पदक जीतकर आती है तो उसका सम्मान वैसे ही होगा, जैसे एशियन गेम्स में पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों का हुआ है। छात्रा को परिवार के साथ उनके कार्यालय आना होगा। विभाग आगे की सभी व्यवस्थाएं खुद कर लेगा।