मां को नहीं पता तीन दिन से बर्फ में लापता है जिगर का टुकड़ा
तीन दिन बीत चुके हैं लेकिन मां को अभी तक मालूम नहीं है कि उसका बेटा हिमस्खलन की चपेट में आ गया है। हिमाचल के सोलन जिले के नालागढ़ उपमंडल के गुल्लरवाला गांव निवासी जवान शिव सिंह की माता को अभी तक मालूम नहीं है कि उसका बेटा बांदीपुरा जिले के गुरेज सेक्टर में नियंत्रण रेखा से सटी नानी पोस्ट पर अपने साथियों के साथ हिमस्खलन की चपेट में आया है।
घर में इस जवान की माता और एक छोटी बहन ही रहती है, जबकि शिव सिंह के उपर से पिता का साया काफी पहले उठ चुका है। अपने तीन भाई बहनों में से सबसे बड़ा शिव सिंह 36 राष्ट्रीय राइफल में राइफलमैन के पद पर कार्यरत हैं और उसके ही वेतन से घर का गुजर बसर होता है।
बर्फीले तूफान में हुआ लापता
एक बड़ी बहन की शादी हो चुकी है और एक छोटी बहन माता के साथ घर पर रहती है। कश्मीर के गुरेज सेक्टर में फारवर्ड पोस्ट पर तैनात शिव सिंह मंगलवार की सुबह बर्फीले तूफान में आने से लापता हो गया है, जहां पर सेना का रेस्कयू आपरेशन चला हुआ है, जिनकी अभी तक कोई खबर नहीं लगी है।
पंचायत प्रधान प्रेम ने कहा कि जवान शिव सिंह अभी तक कुंवारा ही है और एक बहन का उसने विवाह करवाया है, जबकि एक बहन अपनी माता के साथ घर पर रहती है। पिता का साया शिव सिंह के सिर से उठ चुका है और वह करीब 28 वर्ष का है और घर में सबसे बड़ा पुत्र है।
घर में कमाई का साधन शिव सिंह की नौकरी और उससे मिलने वाला वेतन है, जिससे यह परिवार गुजर बसर कर रहा है। शिव सिंह के चचेरे भाई नरिंद्र सिंह उर्फ शम्मी ने कहा कि अभी तक उसकी माता केो शिव सिंह के लापता होने की जानकारी नहीं दी गई है और
उन्होंने कमांड में कमांडेंट से भी बात की है, जहां से उन्हें बताया गया है कि सर्च ऑपरेशन जारी है और जल्द ही लापता हुए जवानों का पता लगा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह बस इंतजार कर रहे है कि कमांड से उन्हें सूचना मिले और उनका भाई कुशल पूर्वक हो, इसके लिए प्रार्थना की जा रही है।