सीमेंट के रेट बढ़ने पर उद्योग मंत्री और अग्निहोत्री में नोकझोंक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में सीमेंट के दामों में बढ़ोतरी को लेकर सदन में जमकर हंगामा हुआ। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने सवाल कर पूछा कि पिछले एक साल में कितने रुपये की वृद्धि सीमेंट के दाम में दर्ज की गई है।
साथ ही यह भी कहा कि एक साल में सीमेंट के प्रति बैग दाम 100 रुपये बढ़ गए हैं। विवादित मुद्दे पर खुद को घिरने से बचाने के लिए उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने जवाब की शुरुआत में ही पहले तो रेट बहुत ज्यादा बढ़ने की बात से इंकार कर दिया।
इसके बाद उन्होंने विशेष रूप से ऊना के रेट का हवाला देते हुए कहा कि ऊना में तो सीमेंट के दाम कम हुए हैं। मंत्री के इस बयान पर विपक्ष के कई विधायक पलटवार करने लगे और अपने क्षेत्रों में रेट बढ़ने पर सवाल पूछने लगे। नोकझोंक के दौरान मंत्री ने चुटकी कर मुकेश से कहा कि उन्हें हर चीज की जानकारी है लेकिन इसके बाद भी सवाल पूछकर परेशान कर रहे हैं।
पाकिस्तान से सीमेंट पर प्रतिबंध का भी मार्केट पर असर
मंत्री ने स्पष्ट किया कि जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और पंजाब मेें किराया-भाड़ा कम है, जिसकी वजह से वहां सीमेंट के दाम कम हैं। चूंकि हिमाचल में भाड़ा नौ रुपये से ज्यादा है, साथ ही हाल में पाकिस्तान से सीमेंट के आने पर प्रतिबंध का भी मार्केट पर असर पड़ा है।
ऐसे में सीमेंट के दामों में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि पहले भी सीमेंट कंपनियों के साथ चर्चा कर दामों को कम कराया गया था। आगे भी उनके साथ बैठक कर लोगों को राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
सांसद बनने के बाद पहली बार विधानसभा पहुंचे कपूर
सांसद बनने के बाद किशन कपूर गुरुवार को पहली बार विधानसभा पहुंचे। कांगड़ा-चंबा से सांसद किशन कपूर और मंडी से सांसद रामस्वरूप शर्मा ने विशेष अतिथि दीर्घा में बैठकर सदन की कार्यवाही देखी।
खूब जच रहे कपूर साहब, लगता है रास आ गई दिल्ली
विधानसभा में सांसद कपूर जब पहुंचे तो शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज का संबोधन चल रहा था। संबोधन रोकते हुए भारद्वाज बोले - कपूर मुझे देख रहे हैं। मैं उनकी सीट पर जो बैठा हूं। सुरेश भारद्वाज ने कहा कि कपूर साहब खूब जच रहे हैं। लगता है, इन्हें दिल्ली रास आ गई। इसको लेकर सदन में खूब ठहाके लगे।
हर्षवर्द्धन के बयान पर कमलेश ने जताई आपत्ति
भोरंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक कमलेश कुमारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक हर्षवर्द्धन ने अनुसूचित जाति और महिला पंचायत प्रतिनिधियों को लेकर गलत टिप्पणी की है। कमलेश कुमारी ने कहा कि हर्षवर्द्धन को अपने बयान को वापस लेना चाहिए।
भाजपा विधायक ने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि प्रदेश में सर्वे कर इसकी जानकारी दी जाए कि कहां-कहां अनुसूचित जाति और महिला पंचायत प्रतिनिधि सस्पेंड हुए हैं। उधर, कांग्रेस विधायक हर्षवर्द्धन ने भाजपा विधायक के आरोप को गलत बताते हुए कहा कि मैंने ऐसा कुछ नहीं कहा।
भाजपा विधायक की टिप्पणी को सदन से हटाया जाना चाहिए। इस पर विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज ने बताया कि इस मामले को लेकर रिकॉर्ड जांचा जाएगा। उसके बाद ही आगामी फैसला लिया जाएगा।