भारत-पाक मैच पर विवाद, BCCI सचिव बोले न हों राजनीति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में 19 मार्च को भारत पाकिस्तान के बीच प्रस्तावित टी 20 वर्ल्ड कप के मैच को लेकर हो रहे विरोध पर बीसीसीआई सचिव एवं एचपीसीए अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा कि खेलों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
खेल समाज को जोड़ता है। एचपीसीए ने इसका बड़ा खामियाजा भुगता है। धर्मशाला स्टेडियम में पत्रकार वार्ता के दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि गुवाहाटी में भी दक्षिण एशियन खेलें आयोजित हुईं। वहां भी भारत के साथ पाकिस्तान टीमों के खिलाड़ियों ने मैच खेले।
वहां तो कोई विरोध नहीं हुआ। असम के लोगों की तरह हिमाचल के लोगों को भी एकजुट होकर धर्मशाला में विदेशी टीमों का स्वागत करना चाहिए। जिससे हिमाचल की आर्थिकी और पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।
अनुराग ने शहीदों के परिवारों से की अपील
भारत-पाक मैच के विरोध में 19 मार्च को धर्मशाला में पठानकोट आतंकी हमले के शहीदों के परिवारों के भूख हड़ताल के बैठने के प्रश्न पर अनुराग ने कहा कि वह शहीदों के परिवारों से निवेदन करते हैं कि वह ऐसा न करें।
शहीदों के परिवारों से मिलकर और उन्हें समझाने को लेकर मुझे कोई हिचक नहीं है। मैं अपने मन, विचारधारा और दिल से शहीदों के परिवारों के साथ हूं। मैंने कभी कोई दिखावा नहीं किया है। मैं फौजी का पोता हूं। मेरे पिता ने वन रैंक वन पेंशन के लिए संघर्ष किया है। भाजयुमो अध्यक्ष के तौर पर मैंने कोलकाता से जम्मू कश्मीर तक एकता यात्रा निकाली थी।
कश्मीर समस्या नेहरू गांधी परिवार की देन
जेएनयू विवाद पर अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का देश विरोधी तत्वों का समर्थन देना, कांग्रेस पर प्रश्न चिह लगाता है। कश्मीर और पंजाब का आतंकवाद सहित कई समस्याएं नेहरू गांधी परिवार की देन हैं।
शांता बड़े नेता, बात रखने का अधिकार : अनुराग
भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद शांता कुमार की ओर से भारत पाक मैच रद्द करने की मांग के प्रश्न पर अनुराग ने कहा कि शांता बड़े नेता है। लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात रखने का अधिकार है।
अब हिलोपा भी भारत-पाक मैच के विरोध में उतरी
वहीं, हिमाचल लोकहित पार्टी भी धर्मशाला में प्रस्तावित भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच के विरोध में आ गई है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता महेंद्र नाथ सोफत और पार्टी के महामंत्री धर्मचंद गुलेरिया ने कहा है कि अगर धर्मशाला में मैच होता है तो इससे शर्मसार कर देने वाली घटना प्रदेश के लिए कोई और नहीं हो सकती।
प्रदेश के कई सैनिकों ने पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध करते हुए अपनी जानें गवाईं हैं। आज केवल चंद पैसों और अपनी प्रसिद्धि के लिए कुछ लोग इस मैच को कराने की होड़ में लगे हुए हैं। ऐसे लोगों को उन घरों के दर्द का पता नहीं है जिन घरों ने अपने जवान बेटे खोए हैं।
मैच का होना उन सैनिक परिवारों के साथ नाइंसाफी होगी। हिमाचल लोकहित पार्टी प्रदेश सरकार से यह मांग करती है कि इस मैच को रद्द करवाया जाए। धर्मशाला स्टेडियम को तुरंत ही सील कर दिया जाए ताकि यह मैच न होने पाए। पार्टी नेताओं ने कहा कि अगर इस मांग को न माना गया तो सड़कों पर उतर कर मैच के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।