हिमाचली नेताओं पर भी चला मोदी का मैजिक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश के सांसदों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मैजिक चल गया। रविवार को मोदी की चाय पार्टी से लौटे सांसदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई अभियान शुरू करने से लेकर आदर्श गांव का जल्द से जल्द चयन करने का संकल्प लिया।
हालांकि इस पार्टी में शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद वीरेंद्र कश्यप नहीं पहुंच पाए। कश्यप को छोड़कर प्रदेश के सभी सांसद मोदी की पार्टी में शामिल हुए। कांगड़ा सांसद शांता कुमार ने कहा कि मोदी की चाय पार्टी बेहद सकारात्मक रही।
इस दौरान केंद्र सरकार की ओर से शुरू की जानी वाली योजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए चर्चा की गई। कुमार ने कहा कि अगले एक सप्ताह बाद वह क्षेत्र में पहुंचेंगे। इसके बाद आदर्श ग्राम का चयन करने से लेकर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान शुरू किया जाएगा।
पीएम से मिला नया अनुभवः अनुराग
हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री की चाय पार्टी से नया अनुभव मिला। मोदी ने बताया कि एक चुना हुआ प्रतिनिधि किस तरह से सरकारी योजनाओं के लिए एक आंदोलन खड़ा सकता है। किस तरह से सरकारी योजनाओं से सीधे लोगों से जोड़ा जा सकता है।
यह भी सीखने को मिला। मेरे जैसे देश के तमाम युवा सांसदों को इससे लाभ हुआ। मंडी के सांसद राम स्वरूप शर्मा ने कहा कि 31 अक्तूबर तक आदर्श ग्राम का चयन कर लिया जाएगा। साथ ही जोगिंद्र नगर से सफाई अभियान की शुरूआत करूंगा।
इसके अलावा भी क्षेत्र के कई इलाकों में सफाई अभियान को चलाने की कोशिश करूंगा, जिससे मोदी के सपने के अनुसार मंडी संसदीय क्षेत्र को विकसित किया जा सके। चाय पार्टी में केवल विकास योजनाओं को जमीन पर उतारने की बात हुई।