स्वाइन फ्लू से एक और मौत के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप
हिमाचल में स्वाइन फ्लू ने पूरे तरह से पांव पसार लिए है। सोमवार को आईजीएमसी में हुई एक और मरीज की मौत के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। मृतक का आंकड़ा 15 पहुंच गया है।
बीमारी पर काबू पाने के लिए प्रदेश सरकार भले ही गांव गांव में जाकर दवाइयां बांटने का दम भर रही हो लेकिन अस्पतालों में मरीजों की संख्या कम नहीं हो रही है। अब तक हिमाचल में बीमारी से ग्रसित मरीजों का आंकड़ा करीब 115 पहुंच गया है।
इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज, टांडा और कसौली सीआरआई में 335 के करीब मरीजों के टेस्ट किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की जानकारी के मुताबिक ऊना में 2, हमीरपुर में 2, बिलासपुर में 1, कांगड़ा में 5 मंडी में 3 और शिमला में 2 लोगों की मौत हुई है। शिमला में सोमवार को इस बीमारी से यह दूसरी मौत हुई है।
एडवाइजरी के बाद भी रुक नहीं रही बीमारी
दिन प्रतिदिन मरीजों का आंकड़ा बढ़ने से लोगों में बीमारी का खौफ बढ़ता जा रहा है। जुकाम, बुखार, सिरदर्द होने की स्थिति में लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने कहा कि अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयां हैं।
जिला के अस्पतालों से लिए जा रहे सैंपलों की जांच की जा रही है। बीमारी को पकड़ में आने के बाद मरीजों को उपचार चल रहा है। प्रदेश भर में इस बीमारी को लेकर अलर्ट किया गया है।
प्रदेश सरकार ने भले बीमारी को लेकर एडवाजरी जारी की हो लेकिन प्रदेश में मरीजों का आंकड़ा बढ़ता ही जा रही है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दो बार अधिकारियों की बैठक ले चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने लोगों को जागरूक करने के लिए जिला और ब्लाक स्तर पर टीमें गठित की है।