हिमाचलः अलग अलग हादसों में पांच लोगों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश के विभिन्न इलाकों में हुए सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई है। शिमला के साथ लगते कोटखाई के तहत दरबार के समीप वीरवार सुबह एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि ट्रक में सवार अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा वीरवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ।
ट्रक सेब की पेटियां लोड करने के लिए कोटखाई से खनेटी की ओर जा रहा था। इसी बीच दरबार के समीप अचानक गहरी खाई में लुढ़क गया। ट्रक में कुल तीन व्यक्ति सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने सभी घायलों को खाई से निकाला।
उसके बाद प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक अस्पताल कोटखाई पहुंचाया। नेपाली मूल के कृष्ण (25) की अस्पताल में मौत हुई है, जबकि चालक राजगढ़ निवासी सुशील और परिचालक राजकुमार घायल हैं।
पेड़ से टकराया ट्रक, चालक की मौत
कांगड़ा के देहरा के सुनहेत में एक ट्रक के पेड़ के साथ टकराने से चालक की मौत हो गई है जबकि परिचालक घायल हो गया। पुलिस के अनुसार बुधवार रात तीन बजे देहरा के सुनहेत में मनु ढाबा के सामने ट्रक अनियंत्रित होकर सफेदे के पेड़ से जा टकराया। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ट्रक की छत पर सो रहा परिचालक उछलकर नीचे गिर गया।
हादसे में वह घायल हो गया। ट्रक चालक की पहचान स्वर्ण सिंह पुत्र चंद्रभान निवासी त्रिंबला (कांगड़ा) के तौर पर हुई है। घायल की पहचान सतीश कुमार निवासी केटलू (कांगड़ा) के तौर पर हुई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि सड़क पर जा रहे सांप को बचाने के चक्कर में हादसा हुआ। चालक ने सांप को बचाने के लिए ट्रक को एक तरफ कर दिया, इससे ट्रक अनियंत्रित हो गया।
ट्रैक्टर खाई में गिरा, मजदूर की मौत
सिरमौर के थाना क्षेत्र संगड़ाह के तहत सुंदरघाट-चाढना मार्ग पर बुधवार को एक ट्रैक्टर ट्राली के गहरी खाई में गिरने से उसमें सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ट्रैक्टर चालक ने छलांग मार दी और उसे कोई चोट नहीं आई है। जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर पत्थर लेकर भवाई जा रहा था। भवाई के समीप ट्रैक्टर दुर्घटना ग्रस्त हो गया।
हादसे में चाढना पंचायत के डमा गांव निवासी भीम सिंह (45) पुत्र मनी राम की ट्राली की चपेट में आने से दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई। हादसे का शिकार भीम सिंह लोक निर्माण विभाग में कार्यरत था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा। जांच अधिकारी मोहम्मद खालिद ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि लोगों की मदद से भीम सिंह के शव को ढांक से बाहर निकाला गया।
10 साल पहले पिता की भी हादसे में हुई थी मौत
हादसे का शिकार भीम सिंह के पिता की मौत भी करीब 10 वर्ष पहले गांव के समीप चौरास में सड़क हादसे में ही हुई थी। भीम सिंह के पिता मनीराम जब अन्य मजदूरों के साथ लोक निर्माण विभाग के ट्रक में बैठकर जा रहे थे तो चौरास के समीप ट्रक गहरी खाई में गिर गया था। इसमें कई मजदूरों के साथ मनीराम की भी मौत हो गई थी। उसके बाद बेटे भीम सिंह को अनुकंपा आधार पर सरकारी नौकरी मिली थी।
स्कूटर की चपेट में आने से मरीज की मौत
चंबा-तीसा मार्ग पर बालू के पास एक स्कूटर चालक ने बालू आयुर्वेदिक अस्पताल के पास एक मरीज को टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई है। मृतक की पहचान छंजू राम पुत्र तेजाराम गांव हसलूंड पंचायत लेसूंई के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक व्यक्ति काफी समय से बीमार था और उसका आयुर्वेदिक अस्पताल में इलाज चल रहा था।
बुधवार देर शाम के समय मरीज अपने रिश्तेदार के साथ चाय पीने के लिए बाहर आया था। इस दौरान एक स्कूटर चालक ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को क्षेत्रीय अस्पताल चंबा लाया गया। जहां उसने दम तोड़ दिया। उधर, पुलिस ने बयान दर्ज कर स्कूटर चालक नवनीत के खिलाफ धारा 289, 337 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
गंभर नदी में बुजुर्ग की मिली लाश
उधर, सोलन के रामशहर में गंभर नदी में बहने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई है। मृतक व्यक्ति कृष्णू राम अर्की तहसील के करोली गांव का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार कृष्णू राम 22 अगस्त को अपने बेटी से मिलने के लिए चमदार जा रहा था। लेकिन तो वह चमदार पहुंचा न ही वापस घर आया जिस पर उसके बेटे ने 24 अगस्त को अर्की थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
वीरवार को पंजली गांव के ध्यान सिंह ने बुर्जुग का शव गंभर नदी में देखा जिस पर उसने रामशहर पुलिस को सूचना की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लिया। थाना प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि शव पूरी तरह से सड़ गया था। मृतक के बेटे ने किसी पर कोई शक नहीं जताया तथा एसडीएम को पोस्टमार्टम न कराने की मांग रखी जिस पर एसडीएम ने उन्हें परमिशन दे दी।