हिमाचल में अलग-अलग हादसों में आठ लोगों ने गंवाई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में आठ लोगों की मौत हो गई। कांगड़ा के जसूर-तलवाड़ा सड़क मार्ग पर मठोली सिनेमाघर के नजदीक हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह सभी गांव नवांशहर के रहने वाले हैं और आल्टो कार एचपी 44-0976 में सवार होकर गांव की एक बारात में पठानकोट गए थे।
शादी से लौटते वक्त मठोली गांव के सिनेमाघर के समीप चालक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा और कार गहरी खाई में जा गिरी। कार में सवार सुभाष चंद व उतम चंद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग मनोज, आशीष व भूरी घायल हो गए।
हादसे में गंभीर रूप से घायल दो लोगों में एक का नूरपुर सिविल अस्पताल तथा दूसरे का टांडा मेडिकल अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि एक व्यक्ति को मामूली चोटें आई है। डीएसपी महिन्द्र सिंह मिन्हास ने बताया कि पुलिस ने शवों का नूरपुर अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है तथा इस संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया गया है।
तीन सौ फीट खाई में गिरी कार, चालक की मौत
सतौन(सिरमौर)। सिरमौर जिले के लालढांग-शिलाई-पांवटा एनएच मार्ग पर ग्राम बलदवा के समीप आल्टो कार (एचपी17-7653) करीब तीन सौ फीट गहरी खाई में जा गिरी। आल्टो कार कमरऊ से कफोटा की तरफ जा रही थी। हादसे में कार चालक एक व्यक्ति की मौत हो गई। सोमवार को सुबह घास लेने जा रहे ग्रामीणों ने कार को गहरे खड्ड में गिरा हुआ देखा। पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों ने शव को सड़क तक पहुंचाया।
कार चालक की हपचान जुईनल निवासी बहादुर सिंह (40) ग्राम पंचायत शावगा के तौर पर हुई है। थाना प्रभारी पांवटा लायक राम सिसौदिया ने पुष्टि की है। एसएचओ ने कहा कि राजबन टीम मामले की जांच कर रही है। आल्टो के चालक बहादुर सिंह(40) निवासी जुईनल की हादसे में मौत हो गई है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
बाइक अनियंत्रित होने से युवक की मौत
कंडवाल (कांगड़ा)। कांगड़ा जिले के कंडवाल के तहत लोधवां में सड़क पर पड़े गड्ढे में बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से युवक की मौत हो गई है। गगनदीप उर्फ बबलू पुत्र बलविंद्र सिंह निवासी मुकेरियां अपने एक अन्य साथी के साथ कंडवाल से लोधवां की तरफ बाइक (पीबी07एके-4337) पर सवार होकर जा रहा था। जब लोधवां के करीब पहुंचा तो रफ्तार तेज होने के कारण बाइक सड़क पर पड़े गड्ढे में एकाएक अनियंत्रित हो गई।
हादसे में बाइक सवार गगनदीप सिंह सड़क किनारे एक पुली से टकराकर लोधवां से कंडवाल की तरफ आ रहे ट्रक के पिछले टायर के पास जाकर गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका अन्य साथी मौके से गायब था। हादसे की पुष्टि करते हुए डीएसपी महिंद्र सिंह मन्हास ने बताया कि पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लेकर और चालक के खिलाफ धारा 279, 337, 304 ए के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
बाइक की चपेट में आने से साइकल सवार की मौत
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ में भाटिया गांव के सनेड़ बस अड्ड़े के समीप एक साइकिल सवार की बाईक की चपेट में आने से मौत हो गई है। जबकि बाइक पर सवार दो युवक जख्मी हुए हैं। दोनों को नालागढ़ के चिक्तिसालय में भर्ती कराया गया है। मृतक व्यक्ति खरेती राम (45) मोची का काम करता था। शाम को वह काम से लौटकर अपने घर रोपढ़ जा रहा था। जैसे ही वह सनेड़ बस स्टैंड पर पहुंचा तो नालागढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक (डीएस75ए 7267) ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी।
बाइक पर सवार विजय कुमार व विकास मिश्रा भी जख्मी हो गए। लोगों ने 108 एबुलेंस को सूचना दी लेकिन तब तक साईकिल सवार की मौत हो चुकी थी। एसपी बिशेर सिंह ने बताया कि यह हादसा बाइक चालक की लापरवाही से हुआ है। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ धारा मामला दर्ज कर लिया है।
क्रैशर की चपेट में आया युवक का सिर
ठियोग(रामपुर बुशहर)। शिमला के ठियोग के नजदीक मत्याना बड़ा गांव बराड़ नाला के पास गर्ग क्रैशर में युवक का सिर आने से मौत हुई। मुकेश कुमार पुत्र बृज लाल (22) गांव टिहरी डाकखाना किहार तहसील सलोनी जिला चंबा का निवासी था। सोमवार दोपहर को वह क्रैशर साफ करन के कार्य में लगाया गया। अचानक मुकेश का सिर क्रैशर की चपेट में आ गया।
उसका सिर धड़ से अलग हो गया। पुलिस ने लापरवाही बरतने के लिए मैनेजमेंट के प्लांट मनेजर और ऑपरेटर पर मामला दर्ज कर लिया है। इस बारे पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है। डीएसपी रतन सिंह नेगी ने बताया पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम ठियोग अस्पताल में करवा दिया है। क्रैशर प्लांट मैनेजर और ऑपरेटर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
महिला की रास्ते में गिरने से मौत
शिलाई (सिरमौर)। शिलाई के अंतर्गत वार्ड-1 में नाया रोड़ के समीप रविवार रात को एक बुजुर्ग महिला की रास्ते में गिरने से मौत हो गई। महिला को उसके किराएदारों ने 108 के माध्यम से शिलाई अस्पताल पहुंचाया जहां उसने बाद में दम तोड़ दिया। प्राप्त जानकारी अनुसार बुजुर्ग महिला जानकी देवी (65) का रविवार रात को घर के समीप अचानक पांव फिसल गया, जिस कारण वह गिरकर घायल हो गई।
महिला के किराएदारों ने उसे गिरता देख 108 एंबुलेंस के माध्यम से उसे शिलाई अस्पताल पहुंचाया जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद महिला की मौत हो गई। शिलाई खंड चिकित्सा अधिकारी केके शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि महिला के सिर में दो जगह पर गहरी चोटें आई थीं जिस कारण उसकी मौत हो गई।
जहरीला पदार्थ खाकर विवाहिता ने की आत्महत्या
नादौन (हमीरपुर)। नादौन के अंतर्गत एक विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया। अंजली (24) पत्नी नवीन सिंह पति के साथ रिश्तेदारों के घर जाने की जिद्द कर रही थी। नवीन उसे अपने साथ ले नहीं गया। गुस्से में आकर अंजली ने जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ी तो उसे धनेटा अस्पताल ले गए।
यहां से उसे क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर रेफर किया गया। क्षेत्रीय अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला की हालत को गंभीर देखते हुए उसे टांडा रेफर कर दिया। टांडा में उचपार के दौरान अंजली ने दम तोड़ दिया। मृतका अपने पीछे तीन साल का बेटा छोड़ गई है। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।