हिमाचल विधानसभा के बजट सत्र में गूंजेंगे 651 सवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश की सड़कों की खस्ता हालत और बढ़ते नशे पर विधानसभा का बजट सत्र गरमाएगा। बजट सत्र में कुल 13 बैठकें होंगी। इस दौरान 651 सवाल गूंजेंगे। कर्मचारियों की नई पेंशन योजना का मामला भी सदन में उठेगा। नौ फरवरी को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपनी सरकार का दूसरा बजट पेश करेंगे।
18 को मतदान के बाद बजट पास होगा। बुधवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा सचिवालय में पत्रकार दीर्घा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बताया कि तेरहवीं विधानसभा का द्वितीय बजट सत्र चार फरवरी को शुरू होगा।
सत्र में कुल 13 बैठकें होंगी। पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा। इसके बाद अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। इसका पारण 5 फरवरी को किया जाएगा। नौ फरवरी को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बजट अनुमान वित्तीय वर्ष 2019-2020 प्रस्तुत करेंगे।
11 से 13 फरवरी तक बजट अनुमान वित्तीय वर्ष 2019-2020 पर चर्चा होगी। 15 फरवरी से 18 फरवरी तक बजट अनुमान की मांगों पर चर्चा एवं मतदान होगा। डॉ. बिंदल ने कहा कि 18 फरवरी को विनियोग विधेयक पुर्न स्थापित एवं पारित किया जाएगा।
651 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई
सत्र में दो बैठकें आठ और 14 फरवरी गैर सरकारी सदस्यों के लिए निर्धारित की गई हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि अभी तक सदस्यों से 651 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं।
इसमें 475 तांराकित प्रश्नों (305 ऑनलाइन और 170 ऑफलाइन) तथा 176 अतांराकित प्रश्नों (91 ऑनलाइन और 85 ऑफलाइन) की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। इसमें से अधिकतर प्रश्न नियमानुसार सरकार को आगामी कार्रवाई के लिए भेज दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सड़कों की दयनीय स्थिति, स्वीकृत सड़कों की डीपीआर, प्रदेश में स्कूलों, महाविद्यालय, स्वास्थ्य संस्थानों का उन्नयन एवं विभिन्न विभागों में रिक्त पदों की पद्पूर्ति, पर्यटन, उद्यान, पेयजल की आपूर्ति, युवाओं में बढ़ते नशे के प्रयोग की रोकथाम, कर्मचारियों की नई पेंशन योजना व सौर
ऊर्जा तथा परिवहन व्यवस्था पर आधारित हैं। बैठक में विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा, निदेशक सूचना एवं लोक संपर्क विभाग हरबंस सिंह ब्रेस्कॉन और समिति अधिकारी हरदयाल भारद्वाज भी मौजूद रहे।
नियम 101 और 130 के तहत आई पांच सूचनाएं
नियम 101 के तहत दो सूचनाएं प्राप्त हुई है। इनमें सदस्य अनिरुद्ध सिंह ने प्रदेश में ब्लॉकों द्वारा निर्मित सड़कों का एक मुश्त निपटारा करने की नीति पर विचार करने तथा सदस्य लखविंद्र सिंह राणा ने प्रदेश में बढ़ती बिजली की खपत को देखते हुए सौर ऊर्जा की नीति पर विचार करने बारे सूचनाएं प्राप्त हुई है।
नियम 130 के तहत तीन सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। इनमें सदस्य राजेंद्र राणा ने प्रदेश में सीमेंट की कीमतों के संदर्भ में तथा प्रदेश में सड़कों की दुर्दशा पर यह सदन विचार करने और विधायक राकेश पठानिया ने आयुष्मान भारत तथा हिम केयर हिमाचल हेल्थ केयर, राज्य तथा केंद्र सरकार की नीतियों पर विचार करने से संबंधित सूचनाएं प्राप्त हुई हैं।