सड़क हादसों में छह की मौत, छह लोग घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में में अलग-अलग वाहन दुर्घटनाओं में महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पहले हादसे में कांगड़ा के तकीपुर में एचआरटीसी और बाइक की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। दुर्घटना में दो अन्य घायल हो गए।
बुधवार दोपहर शिमला से पठानकोट जा रही निगम की बस की एक मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई। दुर्घटना में ज्वालामुखी निवासी 24 वर्षीय रजत की मौत हो गई। हादसे में इसी गांव के दो युवक मनोज और बाबू घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए पीएचसी तकीपुर लाया गया। यहां पर घायलों का इलाज चल रहा है।
बाइक सवार ने मार दी टक्कर
दूसरे हादसे में पुराना मटौर के समीप एक 85 वर्षीय बुजुर्ग को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। घायल को इलाज के लिए डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज टांडा लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस जांच अधिकारी ने बताया कि घटना में पुराना मटौर निवासी जैसी राम की मृत्यु हो गई।
पुलिस ने बाइक चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। तीसरे हादसे में शाहपुर थाना के तहत सोमराज निवासी मारंडा ने बयान दिया कि 39 मील में साहिल निवासी सूरजपुर तहसील इंदौरा ने मोटरसाइकिल को गिरा दिया, जिस कारण मोटरसाइकिल पर बैठे तीनों लड़के नीचे गिर गए। साहिल को टांडा हस्पताल रेफर किया गया है।
मोटर साइकिल से गिरकर मौत
चौथे हादसे में नगरोटा बगवां थाना के अंतर्गत विजय कुमार निवासी नगरोटा ने मलां चौक पर मोटर साइकिल को गिरा दिया। इस कारण उसे चोटें आईं और सीएचसी नगरोटा बगवां में उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, पालमपुर थाना के अंतर्गत गोपाल प्रषाद पंजारे निवासी विशनपुरी (छत्तीसगढ़) ने बयान दिया है कि ट्रैक्टर चालक ने आर्मी एरिया होल्टा में ट्रैक्टर को पलट दिया।
इस कारण एक महिला की मृत्यु हो गई और एक घायल को विवेकानंद अस्पताल में दाखिल किया है। जिला पुलिस प्रवक्ता डा. शिव कुमार ने बताया कि पुलिस मामले दर्ज कर हादसों के कारणों का पता लगा रही है।
पिकअप खाई में लुढ़की, व्यक्ति की मौत
जोगिंद्रनगर (मंडी) के तहत छोटा गलू के समीप एक पिकअप जीप 300 फुट खाई में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक द्वारा वाहन तेज गति और लापरवाही से चलाना सामने आ रहा है।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार रात्रि करीब सवा नौ बजे चालक मकरीड़ी निवासी सुरिंद्र कुमार, मनसा राम के साथ त्रैंबली से मकरीड़ी की तरफ जा रहा था। इस बीच छोटा गलू के समीप अचानक ही गाड़ी अनियंत्रित होकर तीन सौ फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में मनसा राम की मौके पर ही मौत हो गई।
जीप गिरने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायल को जोगिंद्रनगर अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने राजिंद्र कुमार निवासी मकरीड़ी की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध आइपीसी की धारा 279, 337 304ए के तहत मामला दर्ज किया है। इधर, पुलिस अधीक्षक मोहित चावला ने कहा कि मामले में छानबीन की जा रही है।
खाई में कार गिरने से कामगार की मौत
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़-दतोवाल मार्ग पर चिकनी पुल के पास एक कार पैरापिट से टकराने के बाद खाई में गिर गई जिसमें चालक की मौत हो गई। मृतक व्यक्ति सुशील कुमार (30) शिमला जिले के कुमारसैन तहसील के जुब्बलपुर गांव का रहने वाला था।
सुशील कुमार सैणी माजरा स्थित एक दवा कंपनी में कार्यरत था। वह मंगलवार शाम को दतोवाल स्थित अपने दोस्तों के पास गया था। वहां से देर रात्रि कार से वापस अपने क्वार्टर नालगाढ़ आ रहा था।
चिकनी पुल के समीप सुशील ने कार से अपना संतुलन खो बैठा जिस कारण कार पहले पैरापिट से टकराई उसके बाद खाई में गिर गई। चालक कार के भीतर ही रात भर रहा। सुबह कुछ लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कार से बाहर निकाला और नालागढ़ चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कराया। डीएसपी खजाना राम ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद शव को उसके छोटे भाई अजय को सुपुर्द कर दिया है।