ट्रैफिक जाम, कई किमी पैदल चलकर शिमला पहुंचे लोग
नये साल का जश्न मनाने शिमला पहुंचे सैलानियों की खुमारी सुबह तक नहीं उतरी। मंगलवार सुबह तक सैलानियों ने शहर की सड़कों पर जमकर हुड़दंग मचाया। सुबह के समय जब सैलानी होटलों से निकल कर शिमला से लौटे तो शहर की सड़कें जाम हो गईं।
इस कारण आफिस ऑवर में स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर की सड़कों पर जाम की स्थिति दोपहर बाद तक बनी रही। आलम यह था कि जाम के कारण लोगों को एवरसन्नी से शिमला शहर तक पैदल आना पड़ा। एवरसन्नी से शिमला शहर की दूरी करीब एक किलोमीटर है।
जिला प्रशासन ने दो जनवरी तक शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक प्लान बना रखा था। लेकिन 31 दिसंबर की रात सुबह करीब तीन बजे तक पुलिस कर्मी शहर में व्यवस्था बनाने के लिए सड़कों पर तैनात रहे। भीड़ छटने के बाद पुलिस कर्मियों ने ड्यूटी ऑफ की। सुबह की शिफ्ट में कम संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती के चलते ट्रैफिक जाम की समस्या पेश आई।
ऑकलैंड टनल औकर विक्ट्री टनल पर ट्रैफिक ठप
सुबह साढे़ नौ बजे ऑकलैंड टनल के पास ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया। ऑकलैंड टनल से कुफ्टाधार, आईजीएमसी, लांगवुड और लक्कड़ बाजार ताराहाल सड़क पर गाड़ियां खड़ी हो गई। साल के पहले दिन दफ्तरों की ओर जा रहे शहर के लोगों को जाम के कारण बसों से उतर कर पैदल ही दौड़ लगानी पड़ी।
इलाज के लिए अस्पताल आ रहे बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। विक्ट्री टनल पर जाम लगने के कारण पूरे शहर का ट्रैफिक पटरी से उतर गया। विक्ट्री टनल से विधानसभा होते हुए टुटीकंडी क्रासिंग, लिफ्ट, बेम्लोई होते हुए छोटा शिमला और ताराहॉल तक सड़क पर गाड़ियों की कतारें लग गईं।
मंगलवार को तैनात था अतिरिक्त पुलिस बल : एसडीएम
न्यू ईयर ईव को लेकर बनाए ट्रैफिक प्लान के तहत वाहनों की आवाजाही सुचारु रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की थी। मंगलवार को ट्रैफिक जाम की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों को सूचित कर दिया था। 31 दिसंबर को प्रशासन ने पुलिस के सहयोग से पूरे शहर में ट्रैफिक जाम की स्थिति नहीं बनने दी। - नीरज चांदला एसडीएम शिमला शहरी
सड़क तंग होने से पेश आई दिक्कत : शुक्ला
विक्ट्री टनल से आकलैंड टनल की ओर सड़क बेहद तंग है। मंगलवार सुबह इस सड़क पर टूरिस्ट वाहनों की भीड़ अधिक थी क्योंकि टूरिस्ट वापस लौट रहे थे, इसी कारण जाम की समस्या पेश आई। पुलिस के जवान 31 दिसंबर को सुबह तीन बजे तक फील्ड में डटे रहे। - प्रमोद शुक्ला डीएसपी पुलिस हेडक्वार्टर