Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Jalore News ›   Jalore: Congress dominates panchayat elections, wrests Zila Parishad board from BJP

जालोर में कांग्रेस आगे: जिला परिषद की 43 में से 31 सीटें जीतीं; भाजपा 12 पर सिमटी: पंचायत समितियों में बहुमत

Sat, 21 Nov 2026 03:48 PM IST
जालौर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालोर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालोर Published by: जालौर ब्यूरो Updated Sat, 21 Nov 2026 03:48 PM IST
सार

जालोर पंचायतीराज चुनाव में कांग्रेस ने जिला परिषद की 43 में से 31 सीटें जीतकर भाजपा को बड़ा झटका दिया। जिले की 14 में से 13 पंचायत समितियों में भी कांग्रेस को बहुमत मिला। भाजपा की हार के पीछे टिकट वितरण और संगठनात्मक असंतोष प्रमुख कारण रहे।

 

विज्ञापन
Jalore: Congress dominates panchayat elections, wrests Zila Parishad board from BJP
पंचायत चुनाव में कांग्रेस का दबदबा - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

विज्ञापन

जालोर जिले के पंचायतीराज चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को बड़ा झटका दिया है। जिला परिषद की 43 सीटों में से कांग्रेस ने 31 पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को सिर्फ 12 सीटें मिलीं। पंचायत समिति चुनाव में भी कांग्रेस का दबदबा रहा। जिले की 14 में से 13 पंचायत समितियों में कांग्रेस ने बहुमत हासिल किया, जबकि भाजपा केवल सांचौर में बहुमत बचा सकी।

पंचायत समिति चुनाव में भी कांग्रेस का दबदबा

जिले की 14 पंचायत समितियों के कुल 262 वार्डों में कांग्रेस ने 158 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया। भाजपा को 97 सीटों पर जीत मिली, जबकि 7 सीटों पर आरएलपी और निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे। इस तरह पंचायत समिति की करीब 60.30 प्रतिशत सीटों पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया।

विज्ञापन

रानीवाड़ा में कांग्रेस ने 29 में से 19, चितलवाना में 15 में से 13, जालोर और भीनमाल में 23 में से 13-13 तथा आहोर में 17 में से 12 वार्डों में जीत दर्ज की। वहीं, सांचौर में भाजपा ने 17 में से 11 और कांग्रेस ने 6 सीटें हासिल कीं। उम्मेदाबाद में कांग्रेस को 8 और भाजपा को 7 सीटें मिलीं।

विज्ञापन
विज्ञापन

भाजपा की हार के पीछे तीन बड़े कारण

टिकट वितरण से नाराजगी: भाजपा में टिकट वितरण को लेकर चुनाव से पहले ही असंतोष सामने आने लगा था। मनजीराम चौधरी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में चले गए, जबकि सांचौर और रानीवाड़ा क्षेत्र में कई कार्यकर्ताओं ने इस्तीफे दे दिए। नाराजगी दूर करने के लिए कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल को भी बुलाया गया, लेकिन इसका चुनावी नतीजों पर अपेक्षित असर नहीं दिखा।

देवासी समाज के दावेदारों की अनदेखी: जिला परिषद के वार्ड 24 में खेमराज देसाई की जगह राहुल को टिकट देने, वार्ड 31 में नवाराम देवासी की जगह भभूत सिंह को प्रत्याशी बनाने और वार्ड 6 में भारता राम देवासी का टिकट काटने से समाज में नाराजगी बढ़ने की बात सामने आई।

संगठन में असंतोष और पंचायत पुनर्गठन: भाजपा जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित के कामकाज और संगठन में संवाद की कमी को लेकर भी नाराजगी बताई जा रही है। पूर्व विधायक पूराराम चौधरी और निर्दलीय विधायक जीवाराम चौधरी की टिकट वितरण में दखलंदाजी को लेकर भी असंतोष सामने आया। इसके अलावा पंचायतों के नवसृजन और पुनर्गठन को लेकर भादरुणा, बावतरा और धनवाड़ा सहित कई गांवों में विरोध देखने को मिला।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष रमीला मेघवाल ने जीत का श्रेय जनता की नाराजगी और पार्टी के संगठनात्मक प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के जरिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया गया। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित से हार के कारणों को लेकर संपर्क किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।

25 नवंबर को होगा जिला प्रमुख का चुनाव

जिला परिषद में कांग्रेस की जीत के बाद जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधानों के चुनाव का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। 25 नवंबर को जिला प्रमुख, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख, 27 नवंबर को प्रधान और 28 नवंबर को उपप्रधान का चुनाव होगा।

चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन सुबह 10 से 11 बजे तक होगा। नामांकन पत्रों की जांच सुबह 11:30 बजे तक और नाम वापसी दोपहर 1 बजे तक की जा सकेगी। मतदान दोपहर 3 से 5 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed