Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Jaipur News ›   Jaipur News Roundup: Petrol Theft, Car Fire, Assault and Rs 2 Crore GPS Equipment Heist

जयपुर की बड़ी खबरें: पेट्रोल पंपों पर 20 से ज्यादा वारदात, पीएचक्यू के बाहर कारों में आग; पत्नी ने किया हमला

Mon, 02 Nov 2026 05:30 PM IST
सौरभ भट्ट न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर Published by: सौरभ भट्ट Updated Mon, 02 Nov 2026 05:30 PM IST
सार

जयपुर में पेट्रोल पंपों से बिना भुगतान पेट्रोल लेकर भागने वाले दो युवक गिरफ्तार हुए हैं। पुलिस मुख्यालय के बाहर दो कारों में आग लगी, जबकि पत्नी और उसके प्रेमी पर पति पर हमले का आरोप लगा है। 

विज्ञापन
Jaipur News Roundup: Petrol Theft, Car Fire, Assault and Rs 2 Crore GPS Equipment Heist
jaipur today - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

राजधानी जयपुर में अपराध, हादसे और पर्यावरण से जुड़े कई बड़े मामले सामने आए हैं। पेट्रोल पंपों पर बिना भुगतान किए भागने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों ने शहर में 20 से ज्यादा वारदात करना कबूल किया है। वहीं, पुलिस मुख्यालय के बाहर खड़ी थार में आग लगने से पास की हैरियर भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। दूसरी ओर, बड़ी चौपड़ पर पत्नी को प्रेमी के साथ देखने के बाद विरोध करने वाले व्यक्ति पर चाकू से हमले का मामला दर्ज हुआ है। इसके अलावा सीतापुरा में करीब दो करोड़ रुपये के बैंकिंग जीपीएस उपकरणों की चोरी का खुलासा हुआ है। एनजीटी ने राजस्थान में पेड़ों की जियो-टैगिंग और गणना कराने के निर्देश भी दिए हैं।

विज्ञापन

फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पेट्रोल पंपों से भागते थे दो युवक

जयपुर में पेट्रोल पंपों पर गाड़ियों में पेट्रोल भरवाकर बिना भुगतान किए भागने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में 20 से ज्यादा वारदात करना स्वीकार किया है। दोनों घूमने और मौज-मस्ती के लिए पेट्रोल भरवाकर भागते थे। वारदात में इस्तेमाल गाड़ियों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई जाती थी।

विज्ञापन

डीसीपी जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित वर्मा (19) और विशाल मेहरा (28) के रूप में हुई है। दोनों को सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के अलखपुरा गोविंदपुरा से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी रात में घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों से नंबर प्लेट चुराते और उन्हें दूसरी गाड़ियों पर लगाकर पेट्रोल पंपों पर पहुंचते थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

पूरी खबर यहां पढ़ें-जयपुर: पेट्रोल पंपों पर बिना पैसे दिए भागने वाले दो युवक गिरफ्तार, 20 से ज्यादा वारदात कबूली

 

पुलिस मुख्यालय के बाहर थार में लगी आग, हैरियर भी चपेट में आई

जयपुर में सोमवार सुबह पुलिस मुख्यालय के गेट नंबर चार के सामने खड़ी महिंद्रा थार में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग पास खड़ी टाटा हैरियर तक पहुंच गई। दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

आग सुबह करीब 11 बजे नाबार्ड के पास वाली गली में लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले थार में आग लगी और फिर लपटों ने हैरियर को भी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने पाइप से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। करीब 11:20 बजे दमकल की गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पाया।

पूरी खबर यहां पढ़ें- जयपुर: पुलिस हेडक्वार्टर के बाहर थार में लगी आग ने हैरियर को भी चपेट में लिया, दोनों गाड़ियां जलकर कबाड़

पत्नी और प्रेमी पर पति को चाकू मारने का आरोप

बड़ी चौपड़ पर पत्नी को उसके प्रेमी के साथ देखकर विरोध करना मालवीय नगर निवासी 41 वर्षीय व्यक्ति को भारी पड़ गया। आरोप है कि पत्नी और उसके प्रेमी ने घर में घुसकर उस पर हमला कर दिया। प्रेमी ने धारदार चाकू से वार किए, जबकि पत्नी ने उसके हाथ पकड़कर दांतों से शरीर पर कई जगह काट लिया। हमले में पति के चेहरे, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आईं।

पीड़ित ने शनिवार को जवाहर सर्किल थाने में पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। एएसआई मुरारी लाल के अनुसार, पीड़ित ने बताया कि 23 अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े छह बजे उसने पत्नी और उसके प्रेमी को बड़ी चौपड़ पर आपत्तिजनक स्थिति में देखा था। विरोध के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने दोनों का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पीड़ित का आरोप है कि उसी रात करीब साढ़े आठ बजे दोनों ने घर में घुसकर उस पर हमला किया। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए।

पूरी खबर यहां पढ़ें- जयपुर: पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति पर चाकू से किया हमला, शरीर पर कई जगह काटा

 

सीतापुरा में दो करोड़ के बैंकिंग जीपीएस उपकरणों की चोरी का खुलासा

सांगानेर सदर थाना पुलिस ने सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र की रेवेन्स टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के शिपिंग सिस्टम में सेंधमारी कर करीब दो करोड़ रुपये के बैंकिंग जीपीएस उपकरणों की चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने कंपनी के ही दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने पिछले चार से छह महीनों में शिपरॉकेट खाते का दुरुपयोग कर करीब 4,826 फर्जी ऑर्डर तैयार किए।

पुलिस के अनुसार, इन ऑर्डरों को सिस्टम में प्रीपेड दिखाया गया, जबकि पेमेंट गेटवे पर भुगतान दर्ज नहीं था। आरोपियों ने असली ऑर्डर आईडी की नकल की और पुराने ग्राहकों के नाम व ई-मेल का इस्तेमाल किया। डिलीवरी से ठीक पहले पंजीकृत मोबाइल नंबर बदलकर ओटीपी अपने फोन पर मंगवाए। इस तरीके से जयपुर में करीब 1,500 पार्सल की डिलीवरी हासिल करने का मामला सामने आया है।
पूरी खबर यहां पढ़ें-राजस्थान: जयपुर में दो करोड़ के जीपीएस उपकरणों की चोरी, दो कर्मचारी गिरफ्तार

 

राजस्थान में हर पेड़ की होगी जियो-टैगिंग, एनजीटी के निर्देश

राजस्थान में पेड़ों की सुरक्षा के लिए नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने राज्य सरकार को प्रदेशभर में पेड़ों की गणना और जियो-टैगिंग कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही 25 से ज्यादा पेड़ काटने की अनुमति मांगने वाले प्रस्तावों की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने को कहा है। समिति को पेड़ काटने की जरूरत और उसके विकल्पों की पड़ताल करनी होगी।

एनजीटी की भोपाल स्थित सेंट्रल जोन बेंच ने दो नवंबर को जयपुर के सी-स्कीम स्थित चोमू हाउस के सार्वजनिक पार्क में करीब 800 पेड़ों की कथित अवैध कटाई से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान ये निर्देश दिए। ट्रिब्यूनल ने कहा कि पेड़ों की लोकेशन, प्रजाति और संख्या का रिकॉर्ड सार्वजनिक किया जाए। पेड़ काटने की अनुमति मिलने पर क्षतिपूरक पौधरोपण कराया जाए और लगाए गए पौधों की कम से कम पांच साल तक निगरानी हो। मामले में संयुक्त कमेटी को छह सप्ताह में मौके का निरीक्षण कर तथ्यात्मक रिपोर्ट देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें-राजस्थान: जयपुर के चौमू हाऊस में पेड़ों की कटाई पर एनजीटी का आदेश; राज्य के सभी पेड़ों की जियो-टैगिंग अनिवार्य

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed