जयपुर: पुलिस हेडक्वार्टर के बाहर थार में लगी आग ने हैरियर को भी चपेट में लिया, दोनों गाड़ियां जलकर कबाड़
जयपुर में पुलिस मुख्यालय के बाहर खड़ी महिंद्रा थार में आग लग गई। लपटों ने पास खड़ी टाटा हैरियर को भी चपेट में ले लिया। दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि कोई जनहानि नहीं हुई। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की है।
विस्तार
जयपुर में सोमवार सुबह पुलिस मुख्यालय के बाहर खड़ी महिंद्रा थार में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में खड़ी टाटा हैरियर भी इसकी चपेट में आ गई। दोनों गाड़ियां आग से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना सुबह करीब 11 बजे पुलिस मुख्यालय के गेट नंबर चार के सामने नाबार्ड के पास वाली गली में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले थार में आग लगी। देखते ही देखते आग फैल गई और पास खड़ी हैरियर तक पहुंच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने पाइप से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। इसके बाद सुबह करीब 11:20 बजे दमकल की गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पाया।
पीएनबी के दो कर्मचारियों की हैं दोनों गाड़ियां
पुलिस के अनुसार, आग की चपेट में आई महिंद्रा थार पंजाब नेशनल बैंक में कार्यरत शुभम की है। उन्होंने वर्ष 2022 में धनतेरस पर यह गाड़ी खरीदी थी। वहीं, टाटा हैरियर भी पीएनबी कर्मचारी राहुल की है। राहुल ने वर्ष 2025 में इसे खरीदा था।
यह भी पढें- राजस्थान: 'वहां पहुंचकर खून बहाओ', यूके के बासित शरीफ ने दी जयपुर डायलॉग्स के मंच पर हमले की धमकी
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग कैसे लगी, इसका वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा। घटना के दौरान लोगों ने जलती गाड़ियों के वीडियो भी बनाए।
एसीपी अशोक नगर डॉ. पूनम ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के गेट नंबर चार के बाहर खड़ी थार में अज्ञात कारणों से आग लगी थी। पास में खड़ी सफेद कार भी इसकी चपेट में आ गई। दमकलकर्मियों ने आग बुझाई, लेकिन तब तक दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थीं। ज्योति नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।