Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Jaipur News ›   Congress Leads Rajasthan Panchayat Polls, RLP Makes Strong Gains

राजस्थान पंचायत चुनाव: पिछले चुनाव से बदली तस्वीर, पंचायत समिति और जिला परिषद में दोनों में कांग्रेस को बढ़त

Fri, 20 Nov 2026 04:53 PM IST
सौरभ भट्ट न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर Published by: सौरभ भट्ट Updated Fri, 20 Nov 2026 04:53 PM IST
सार

राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजों में कांग्रेस ने पंचायत समिति और जिला परिषद दोनों स्तरों पर भाजपा से बढ़त बना ली है। पंचायत समितियों में कांग्रेस 1,356 और जिला परिषदों में 104 सीटों से आगे है। आरएलपी ने 472 सीटें जीतकर तीसरी ताकत के रूप में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।

विज्ञापन
Congress Leads Rajasthan Panchayat Polls, RLP Makes Strong Gains
राजस्थान पॉलिटिक्स - फोटो : अमर उजाला

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान में दिसंबर में भजनलाल सरकार अपने कार्यकाल की तीसरी वर्षगांठ मनाने जा रही है। इससे पहले आए पंचायत चुनावों के नतीजे भाजपा के लिए ग्रामीण राजनीति के लिहाज से बड़ा झटका लेकर आए हैं। पंचायत समिति और जिला परिषद, दोनों स्तरों पर कांग्रेस ने भाजपा से ज्यादा सीटें हासिल की हैं। पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस की बढ़त 1,356 सीटों तक पहुंच गई है, वहीं जिला परिषद में भी वह 104 सीटों से आगे है।

विज्ञापन

इन नतीजों में सबसे ज्यादा चर्चा राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के प्रदर्शन की है। पंचायत समिति चुनाव में पार्टी ने 472 सीटें जीतकर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। निर्दलीयों के बाद आरएलपी तीसरे स्थान पर है। राजस्थान की राजनीति में लंबे समय से यह ट्रेंड रहा है कि भाजपा का शहरी क्षेत्रों में और कांग्रेस का ग्रामीण क्षेत्रों में अपेक्षाकृत बेहतर आधार रहा है। वर्ष 2020-21 के पंचायत चुनावों में भी पंचायत समितियों में कांग्रेस आगे रही थी, जबकि जिला परिषदों में भाजपा ने अधिक सीटें जीती थीं। इस बार अब तक के नतीजों में दोनों स्तरों पर कांग्रेस आगे है।

विज्ञापन

पंचायत समिति में कांग्रेस 1,356 सीटों से आगे, आरएलपी की 472 सीटें
राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर 20 नवंबर को उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश की पंचायत समितियों के कुल 7,543 वार्डों में से 6,780 के परिणाम घोषित हो चुके हैं। इनमें कांग्रेस ने 3,363 और भाजपा ने 2,007 सीटें जीती हैं। दोनों दलों के बीच 1,356 सीटों का अंतर है।

विज्ञापन
विज्ञापन

पंचायत समिति चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवारों ने 580 सीटें जीती हैं। आरएलपी को 472, भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) को 251, बसपा को 55, माकपा को 50 और आम आदमी पार्टी को दो सीटें मिली हैं। इस तरह पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के अलावा क्षेत्रीय दलों तथा निर्दलीय उम्मीदवारों की भी उल्लेखनीय मौजूदगी रही है। कुल 7,543 वार्डों में से 763 के परिणाम अभी घोषित होना बाकी हैं।

जिला परिषद में भी कांग्रेस आगे, 412 में से 248 सीटें जीतीं
जिला परिषद सदस्य चुनाव में भी कांग्रेस ने भाजपा पर बढ़त बनाई है। कुल 1,275 सीटों में से अब तक 412 के परिणाम घोषित हुए हैं। इनमें कांग्रेस ने 248 और भाजपा ने 144 सीटें जीती हैं। दोनों दलों के बीच 104 सीटों का अंतर है।

जिला परिषद चुनाव में आरएलपी और निर्दलीय उम्मीदवारों को छह-छह सीटें मिली हैं। माकपा ने पांच, बसपा ने दो और बीएपी ने एक सीट जीती है। आम आदमी पार्टी का अभी खाता नहीं खुला है। जिला परिषद की 863 सीटों के परिणाम आना बाकी हैं। इस तरह कांग्रेस ने अब तक घोषित परिणामों में पंचायत समिति और जिला परिषद दोनों स्तरों पर भाजपा से ज्यादा सीटें हासिल की हैं। हालांकि जिला परिषद की कुल सीटों में से अभी बड़ी संख्या में परिणाम घोषित होना बाकी है।

2020-21 के चुनाव से तुलना करें तो बदली तस्वीर
राजस्थान में वर्ष 2020-21 में हुए पंचायत चुनावों के परिणामों को देखें तो उस समय जिला परिषदों में भाजपा ने अधिक सीटें जीती थीं, जबकि पंचायत समितियों में कांग्रेस आगे रही थी। इस बार अब तक के नतीजों में दोनों स्तरों पर कांग्रेस ने बढ़त बनाई है।

पिछले जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस को 42.59 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि भाजपा का वोट प्रतिशत 42.42 था। यानी वोट प्रतिशत में कांग्रेस 0.17 प्रतिशत आगे थी, लेकिन सीटों के मामले में भाजपा ने बाजी मारी थी। भाजपा ने 505 जिला परिषद सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस के खाते में 456 सीटें आई थीं। भाजपा ने 20 जिला परिषदों में बहुमत हासिल किया था, जबकि कांग्रेस को 12 जिला परिषदों में बहुमत मिला था। बाड़मेर में दोनों दलों की सीटें बराबर थीं।

पंचायत समिति चुनाव में भी दोनों दलों के बीच मुकाबला करीबी रहा था, लेकिन कांग्रेस आगे थी। वर्ष 2020-21 में 352 पंचायत समितियों के 6,992 वार्डों में भाजपा को 2,859 और कांग्रेस को 2,998 सीटें मिली थीं। भाजपा का वोट प्रतिशत 38.06 और कांग्रेस का 39.54 प्रतिशत था। इस तरह कांग्रेस ने 139 सीटों की बढ़त बनाई थी।

इस बार पंचायत समिति के घोषित 6,780 परिणामों में कांग्रेस की बढ़त 1,356 सीटों तक पहुंच गई है। वहीं जिला परिषद के घोषित नतीजों में भी कांग्रेस 104 सीटों से आगे है। पिछले चुनाव में पंचायत समितियों में कांग्रेस और जिला परिषदों में भाजपा आगे थी, जबकि इस बार अब तक के परिणामों में दोनों स्तरों पर कांग्रेस को बढ़त मिली है। हालांकि अंतिम तुलना के लिए सभी परिणामों का आना जरूरी है।

आरएलपी ने तीसरी ताकत के रूप में दर्ज कराई मौजूदगी
इस चुनाव का एक और महत्वपूर्ण पहलू आरएलपी का प्रदर्शन है। पंचायत समिति के 472 वार्डों में जीत हासिल कर पार्टी ने अपनी क्षेत्रीय ताकत का प्रदर्शन किया है। निर्दलीयों के 580 सदस्यों के बाद आरएलपी तीसरे स्थान पर है।

जोधपुर, नागौर और जयपुर सहित कई क्षेत्रों में पार्टी की मौजूदगी चर्चा में रही। जयपुर में सांगानेर, दूदू और आसपास के क्षेत्रों में आरएलपी ने सीटें जीतीं। दूदू में भाजपा तीसरे स्थान पर रही। सांगानेर में भी आरएलपी का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा।

जिला परिषद में भी आरएलपी ने छह सीटें जीती हैं। इससे पार्टी की मौजूदगी दोनों स्तरों पर सामने आई है। हालांकि पंचायत समिति में 472 सीटों की तुलना में जिला परिषद में छह सीटों का आंकड़ा दोनों चुनावों में उसके प्रदर्शन के अंतर को दिखाता है।

यह भी पढ़ें- पंचायत चुनाव: जयपुर जिला परिषद में कांग्रेस का बोर्ड तय, सीएम, डिप्टी सीएम क्षेत्र में बीजेपी हारी

तीसरी वर्षगांठ से पहले सरकार के सामने ग्रामीण नतीजों का सवाल
भजनलाल सरकार दिसंबर में अपने कार्यकाल के तीन साल पूरे होने का जश्न मनाने की तैयारी कर रही है। ऐसे समय पंचायत चुनावों के नतीजे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हैं। सत्ता में भाजपा होने के बावजूद पंचायत समिति और जिला परिषद, दोनों स्तरों पर अब तक घोषित परिणामों में कांग्रेस आगे है।

राजस्थान में भाजपा और कांग्रेस के बीच शहरी और ग्रामीण जनाधार का अंतर लंबे समय से राजनीतिक चर्चा का विषय रहा है। वर्ष 2020-21 के चुनावों में भी पंचायत समितियों में कांग्रेस और जिला परिषदों में भाजपा आगे थी। इस बार घोषित परिणामों में कांग्रेस ने दोनों स्तरों पर बढ़त बनाई है। पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार पंचायत समिति में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीटों का अंतर भी काफी बड़ा दिखाई दे रहा है।

शहरी निकायों से दोगुने से ज्यादा मतदाताओं वाले पंचायत चुनाव में कांग्रेस आगे
शहरी निकायों के मुकाबले पंचायत चुनावों का मतदाता आधार दोगुने से भी ज्यादा रहा है। प्रदेश के दो चरणों के निकाय चुनावों में करीब 1.45 करोड़ मतदाता पंजीकृत थे, जबकि पंचायत चुनावों के पहले, दूसरे और चौथे चरण के उपलब्ध आंकड़ों को जोड़ें तो यह संख्या करीब 2.98 करोड़ बैठती है। यानी ग्रामीण क्षेत्रों में चुनाव का दायरा शहरों की तुलना में कहीं बड़ा रहा। ऐसे में पंचायत समिति और जिला परिषद, दोनों स्तरों पर कांग्रेस की बढ़त भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से अहम है। 

इनका कहना है...
राजनीतिक विश्लेषक मनीष गोधा का कहना है कि राजस्थान में एक स्थापित ट्रेंड है कि कांग्रेस गांवों की और बीजेपी शहरों की पार्टी है। इससे पहले निकाय चुनावों में बीजेपी कांग्रेस से आगे रही थी लेकिन पंचायत चुनावों में कांग्रेस ने पुराने ट्रेंड को बरकरार रखा है। हालांकि पिछले पंचायत चुनावों की तुलना में कांग्रेस ने इस बार ज्यादा बेहतर प्रदर्शन किया है। सरकार के कार्यकाल के तीन साल पूरे होने जा रहे हैं, उससे पहले इस तरह के नतीजे बीजेपी के लिए बहुत अच्छी खबर नहीं है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed