मोहाली। शहर के सेक्टर-69 में स्थित स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के शैड पर तिरपाल डालने के लिए चढ़े एक युवक की पैर फिसलकर नीचे गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहाली के सेक्टर-7 में स्पोर्ट्स के सामान की दुकान मालिक 42 वर्षीय दीपक धवन के रूप में हुई है। वह अपने दोस्त बैडमिंटन कोच से मिलने यहां पहुंचा था। खिलाड़ियों के लिए बारिश के कारण बैडमिंटन कोर्ट खराब न हो जाए, इसलिए वह शैड पर तिरपाल डालने चढ़ा था। लेकिन यहां उसके साथ यह हादसा हो गया।
जानकारी के मुताबिक यह हादसा बुधवार को हुई बारिश के दौरान उस समय हुआ जब वह अपने दोस्त बैडमिंटन कोच सूरज कुमार से मिलने गया था। यहां बैडमिंटन कोर्ट पर पड़े शैड से बारिश का पानी टपक रहा था। यह देखकर उसने और सूरज ने सोचा कि पानी से कहीं कोर्ट खराब न हो जाए और खिलाड़ियों को खेलने में दिक्कत न आए इसलिए शैड पर तिरपाल डाल दी जाए। दीपक तिरपाल डालने के लिए शैड पर चढ़ गया। बारिश के कारण शैड पर फिसलन थी तो दीपक का पैर शैड पर लगे लोहे के एंगल से फिसला और वह प्लास्टिक की पट्टी को तोड़ता हुआ सिर के बल नीचे आ गिरा। गंभीर रूप से घायल दीपक को तुरंत एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर फेज-8 थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। थाना फेज-8 के एसएचओ राजेश कुमार ने बताया कि हादसे में मौत के बाद दीपक के शव का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।