मोहाली। सेक्टर-76 के मॉडल कॅरिअर सेंटर में वीरवार को एक प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया गया। नेशनल कॅरिअर सर्विस ने आयोजित इस कैंप में बड़ी संख्या में युवाओं ने रोजगार के अवसर तलाशे। सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक चले इस कैंप में 12वीं पास से लेकर स्नातक तक के युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार नौकरी के मौके मिले। कैंप में विभिन्न कंपनियों ने साक्षात्कार लिए। पीएनबी मेटलाइफ ने टीम लीडर पदों के लिए भर्ती की। 360 बाइट्स ने बीपीओ पदों के लिए साक्षात्कार लिए। एनआईआईटी ने रिलेशन मैनेजर के लिए उम्मीदवारों का चयन किया। एडेप्को ने बीएफएसआई सेल्स ऑफिसर और एस्पायर टेलीसर्विसेज ने चैट प्रोसेस के पदों पर भर्ती प्रक्रिया चलाई।
खरड़ निवासी रोहित सिंह ने कैंप को युवाओं के लिए समय और मेहनत बचाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि एक ही स्थान पर कई कंपनियों की जानकारी मिलती है। कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे बातचीत का अवसर भी मिलता है। इससे युवाओं को अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार रोजगार चुनने में मदद मिलती है। उन्होंने ऐसे कैंप नियमित रूप से आयोजित करने की बात कही। प्रेम नगर, लालड़ू निवासी ललित कुमार ने इन कैंपों को नौकरी तलाश रहे युवाओं के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि कई बार युवाओं को भर्ती की जानकारी समय पर नहीं मिल पाती है। प्लेसमेंट कैंप में उन्हें एक ही जगह पर कई विकल्प मिल जाते हैं। ललित कुमार ने युवाओं को ऐसे अवसरों का लाभ उठाने और कौशल सुधारने की सलाह दी।