{"_id":"67b1cb684264ec9c5a0aed3a","slug":"robbers-attack-on-aap-leader-and-his-wife-in-ludhiana-women-died-2025-02-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"लुधियाना में AAP नेता और पत्नी पर हमला: एक घंटा सड़क पर तड़पते रहे दोनों, महिला की मौत","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
लुधियाना में AAP नेता और पत्नी पर हमला: एक घंटा सड़क पर तड़पते रहे दोनों, महिला की मौत
Sun, 16 Feb 2025 04:56 PM IST
अंकेश ठाकुर
संवाद न्यूज एजेंसी, लुधियाना (पंजाब)
संवाद न्यूज एजेंसी, लुधियाना (पंजाब)
Published by: अंकेश ठाकुर
Updated Sun, 16 Feb 2025 04:56 PM IST
सार
लुधियाना में लुटेरों ने आप नेता और उनकी पत्नी पर लूट की नीयत से हमला कर दिया। इस घटना में आप नेता की पत्नी की मौत हो गई। लुटेरे उनकी गाड़ी, गहने और मोबाइल भी लूट ले गए।
विज्ञापन
Crime demo
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पंजाब के लुधियाना में लुटेरों ने आम आदमी पार्टी (आप) नेता व कारोबारी और उनकी पत्नी पर हमला कर दिया। हमले में दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन आप नेता की पत्नी मानवी मित्तल की मौत हो गई। वहीं आप नेता व कारोबारी अनोख मित्तल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
विज्ञापन
अनोख मित्तल (34) अपनी पत्नी मानवी मित्तल उर्फ लिक्सी (33) के साथ लुधियाना के डेहलों में स्थित एक रेस्टोरेंट में शनिवार रात खाना खाने आए थे। खाना खाने के बाद कार में सवार हो दोनों घर लौट रहे थे। नहर किनारे डी मार्ट के पास लुटेरों ने उनपर हमला कर दिया। आरोपियों ने दंपती पर तेजधार हथियार से हमला किया और कार, गहने, नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया और फरार हो गए। महिला के चीखने की आवाज सुन करीब तीन सौ मीटर दूर ढाबा मालिक ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम में दी। करीब एक घंटे तक दोनों पति-पत्नी वहीं सड़क पर तड़पते रहे। पुलिस के पहुंचने के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए डीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां महिला की मौत हो गई, जबकि अनोख मित्तल की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कर रही है।
विज्ञापन
पति को बचाने गाड़ी से बाहर आई मानवी
शनिवार की रात को अनोख अपनी पत्नी मानवी के साथ अपनी रिट्ज कार में सवार होकर डेहलों के पास स्थित एक रेस्तरां में खाना खाने आए थे। करीब 12 बजे खाना खाने के बाद वह वहां से निकले थे और घर जा रहे थे। डेहलों बाइपास के पास बाथरूम करने के लिए अनोख मित्तल ने अपनी कार रोकी थी। इसी दौरान कार सवार लुटेरे पीछे से आए और उन्होंने अनोख के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने अनोख के सिर पर वार कर दिया। पति के साथ मारपीट होती देख मानवी भी गाड़ी से बाहर निकल आई। जब वह पति अनोख को बचाने के लिए आगे आई तो आरोपियों ने मानवी पर भी हमला कर दिया। उसके सिर पर भी तेजधार हथियार से वार किए। लुटेरों ने दोनों के पहने हुए करीब 15 तोले सोने के जेवरात, तीन मोबाइल फोन, और उनकी रिट्ज कार लूट कर फरार हो गए। मानवी के चिल्लाने की आवाज सुन ढाबा मालिक उनके पास पहुंचा तो दोनों घायल पड़े थे। ढाबा मालिक ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
विज्ञापन
कुछ समय पहले ही आप में शामिल हुए हैं अनोख मित्तल
जानकारी के अनुसार मानसा की रहने वाली मानवी मित्तल उर्फ लिक्सी की शादी करीब 12 साल पहले बैटरी कारोबारी अनोख मित्तल के साथ हुई थी। उनकी एक बेटी और एक बेटा है। अनोख मित्तल की मित्तल ट्रेडर्स के नाम से टाटा ग्रीन बैटरी की डिस्ट्री ब्यूटर है। उनका काफी पुराना बैटरी का कारोबार है और ढोलेवाल इलाके में उनकी दुकान है। अनोख मित्तल ने कुछ समय पहले ही आप विधायक अशोक पराशर पप्पी की अगुवाई में आप में शामिल हुए थे। हालांकि उनकी पास कोई ओहदा नहीं है।
शहर की कानून व्यवस्था खराब, कारोबारियों में डर का माहौल
महानगर जैसे बड़े शहर में पुलिस यूं तो हर समय गश्त करनेका दावा करती है और कई इलाकों में नाकाबंदी करने की भी बात कहती है, लेकिन सच्चाई कुछ ओर ही है। अगर शहर में देर रात को चक्कर लगाया जाए तो कुछ जगहों पर मुलाजिम नजर आते है। नहीं तो सड़के रात को राम भरोसे होती है। कई लुटेरे बाइकों पर सवार होकर सरेआम हथियार लेकर चलते है। शहर में बिगड़ रही कानून व्यवस्था को लेकर शहर के कारोबारी काफी चिंता में है। लोगों का कहना है कि एक तरफ पुलिस कहती है कि लोग जब मर्जी घरों से निकल सकते हैं, लेकिन बाहर जाकर खाना खाना भी मुश्किल हो गया है। हर समय शहर की सड़कों से बच कर निकलना पड़ता है। कपड़ा कारोबारी संजीव चौधरी का कहना है कि शहर में कानून नाम की कोई चीज नहीं है। रोजाना लूटपाट की वारदातें हो रही है। पुलिस थानों में बैठी आराम फरमा रही है। लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस को स्तर्क रहना चाहिए, लेकिन रात के समय ड्यूटी करने वाले मुलाजिम या तो एटीएम के अंदर होंगे या फिर किसी ढाबे पर या फिर किसी पेट्रोल पंप पर बैठे मिलेंगे।