मालेरकोटला में खुलेगा पासपोर्ट सेवा केंद्र
संगरूर। मालेरकोटला के लोगों की दशकों से चली आ रही पासपोर्ट सेवा केंद्र की मांग को आखिरकार भारत सरकार पूरा करने जा रही है, जिसके अंतर्गत मालेरकोटला के पोस्ट आफिस में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। दरअसल, मालेरकोटला में रहने वाले मुस्लिम परिवारों में सैकड़ों ऐसे हैं जिनके सगे संबंधी पाकिस्तान में रहते हैं। यहां के परिवारों की महिलाओं एवं बच्चों को पासपोर्ट बनवाने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता था, अरसे से यहां के लोग इसी शहर में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने की गुहार लगा रहे हैं। अब इसे खोलने की तैयारी केंद्र सरकार ने पूरी कर ली है लेकिन इसका रस्मी उद्घाटन कब होगा, इसकी पुष्टि जिले के भाजपा नेताओं को नहीं है। जिला भाजपा के महासचिव रणदीप सिंह दयोल का मानना है कि केंद्र सरकार की ओर से सूबे में खोले जाने वाले पांच पासपोर्ट सेवा केंद्रों में से यह एक है। इसका उद्घाटन भाजपा के शीर्ष नेता द्वारा किया जाना है लेकिन अभी तारीख तय नहीं है। उधर, जिला संगरूर से आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान इसका सेहरा खुद के माथे पर सजाने के लिए सोशल मीडिया पर इस पासपोर्ट केंद्र को यहां लाने संबंधी अपनी कोशिशों का ब्योरा दे रहे हैं। आप की पंजाब इकाई के प्रवक्ता एडवोकेट गोविंदर मित्तल ने बताया कि इस सेवा केंद्र की अध्यक्षता भगवंत मान करेंगे। क्योंकि जिले में पासपोर्ट केंद्र कहां खुलवाना है इसकी सहमति जिले के सांसद से ली जाती है और भगवंत मान ने केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज से इस बाबत उल्लेख करके इस सेवा केंद्र को मालेरकोटला में स्थापित करवाया है। खैर, उद्घाटन कोई भी करे अथवा इसका श्रेय कोई भी ले किंतु मालेरकोटला के लोगों के लिए पासपोर्ट सेवा केंद्र खुलने से उन्हें काफी राहत मिलेगी।