{"_id":"61c1613498646918c077b092","slug":"kisan-mazdoor-sangharsh-committee-rail-roko-agitation-continues-in-punjab","type":"story","status":"publish","title_hn":"पंजाब में रेल रोको आंदोलन: 84 ट्रेनें रद्द, 47 डायवर्ट, होशियारपुर के टांडा में एक किसान की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पंजाब में रेल रोको आंदोलन: 84 ट्रेनें रद्द, 47 डायवर्ट, होशियारपुर के टांडा में एक किसान की मौत
Tue, 21 Dec 2021 10:38 AM IST
निवेदिता वर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: निवेदिता वर्मा
Updated Tue, 21 Dec 2021 10:38 AM IST
सार
किसानों के मुताबिक फसलों के दाम पिछले 50 सालों में अस्सी फीसदी बढ़े हैं, जबकि लागत खर्च तीन सौ गुना बढ़ गई है। इससे किसान कर्ज तले दबे हैं। वे खुदकुशी कर रहे हैं। आने वाले समय में केंद्र सरकार एमएसपी बंद करने की तैयारी कर रही है।
विज्ञापन
रेलवे ट्रैक पर धरना देते किसान संगठन के लोग।
- फोटो : ANI
विस्तार
किसान मजदूर संघर्ष कमेटी का दूसरे दिन भी रेल डिवीजन फिरोजपुर में जालंधर-अमृतसर सेक्शन, जालंधर कैंट पठानकोट, अमृतसर-खेमकरण व फिरोजपुर में बस्ती टैंका वाली के पास रेल पटरी पर धरना जारी रहा। इसके चलते 84 ट्रेनें रद्द की गई हैं, जबकि 47 ट्रेनों को डायवर्ट किया है और 25 ट्रेनें वो जिन्हें जिस स्टेशन पर रद्द किया था वहीं से उन्हें उनके निर्धारित स्टेशनों को रवाना किया गया है।
विज्ञापन
दूसरे दिन ट्रेन न चलने के कारण विभिन्न शहरों को जाने वाले यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी है। मंगलवार को आयोजित कई परीक्षाएं देने वाले नौजवान परेशान हुए। किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि ठिठुरन वाली ठंड में किसानों का दूसरे दिन रेल पटरियों पर धरना जारी रहा है। होशियारपुर के टांडा के पास लगे धरने में एक किसान की ठंड से मौत हो गई।
विज्ञापन
यूनियन नेताओं का कहना है कि शहीद हुए किसान रतन सिंह (68) के परिवार को दस लाख रुपये का मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने के अलावा पीड़ित परिवार का कर्ज खत्म करे। यूनियन प्रधान सतनाम सिंह पन्नू ने कहा कि किसान कांग्रेस सरकार के झूठे वादों से तंग आकर अब लंबी लड़ाई लड़ने के लिए कमर कस चुके है।
विज्ञापन
जालंधर कैंट-बांद्रा के बीच आरक्षित स्पेशल रेलगाड़ी चलेगी
रेल डिवीजन फिरोजपुर की रेल मंडल प्रबंधक सीमा शर्मा ने एक बयान जारी कर कहा कि यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ की निकासी और रेलयात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे जालंधर कैंट और बांद्रा के बीच आरक्षित स्पेशल रेलगाड़ी का संचालन किया जाएगा। जालंधर कैंट-बांद्रा टर्मिनस के बीच ट्रेन संख्या 02472 आरक्षित स्पेशल रेलगाड़ी 22 दिसंबर को जालंधर कैंट से शाम 03.30 बजे प्रस्थान कर अगले दिन शाम 04.10 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 02471 बांद्रा टर्मिनस-जालंधर कैंट आरक्षित स्पेशल रेलगाड़ी 24 दिसंबर को बांद्रा टर्मिनस से पूर्वाह्न 11.00 बजे प्रस्थान कर अगले दिन पूर्वाह्न 11.10 बजे जालंधर कैंट पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 02472/02471 जालंधर कैंट-बांद्रा टर्मिनस-जालंधर कैंट आरक्षित स्पेशल रेलगाड़ी मार्ग में फगवाडा, लुधियाना, अम्बाला कैंट, पानीपत, सब्जी मंडी (02472 का एक तरफा ठहराव), नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन (02471 का एक तरफा ठहराव), मथुरा जंक्शन, सवाईमाधोपुर, कोटा जंक्शन, भवानी मंडी, नागदा, रतलाम, मेघनगर, दाहोद, गोधरा, बडोदरा, भरूच, सूरत, वापी तथा बरोवली स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी ।