पंजाब: बीएसएफ ने पकड़ी दो किलो हेरोइन, बरनाला और अमृतसर में भी मिली बड़ी खेप
बीएसएफ ने सरहद से दो किलो हेरोइन, एक पिस्टल, पांच कारतूस व एक मैगजीन पकड़ी है। यह सामग्री पाकिस्तानी तस्करों ने भारतीय तस्करों के लिए भेजी थी, जिसे फेंसिंग पार जमीन में छिपाकर रखा था। यह घटना शुक्रवार को फिरोजपुर बीएसएफ सेक्टर के अंतर्गत बीओपी गजल के पास घटी है।
बीएसएफ अधिकारियों के मुताबिक उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि पाक तस्करों ने फेंसिंग पार जमीन में नशीले पदार्थ व हथियार की खेप छिपाई है। जिसे भारतीय तस्करों तक पहुंचाना है। बीएसएफ बटालियन-116 के जवानों ने बीओपी गजल के नजदीक लगी फेंसिंग पार जमीन पर सर्च अभियान चलाया।
सर्च अभियान के तहत बीएसएफ को पिल्लर नंबर-169 के पास से दो लीटर वाली एक प्लास्टिक की बोतल मिली, जिसमें हेरोइन थी, हेरोइन का वजन एक किलो 900 ग्राम था। इसके अलावा बीएसएफ को एक 9एमएम पिस्टल, 280 ग्राम अफीम, पांच कारतूस, एक मैगजीन बरामद हुई।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही बीएसएफ को बीओपी टी-बंध के पास से प्लास्टिक की बोतल में हेरोइन और एक पिस्टल मिली थी। बीएसएफ के मुताबिक पांच माह के भीतर पंजाब से सटे भारत-पाक बार्डर से बीएसएफ ने 162 किलो 33 ग्राम हेरोइन,18 पिस्टलें, 281 कारतूस व 28 मैगजीन पकड़ी हैं।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक सरहद से अफीम और पिस्टल मिलना एक संकेत है कि बार्डर से पाक तस्करों की ओर से भेजी हेरोइन की बड़ी खेप आसानी से पास हो चुकी है और सुरक्षित भारतीय तस्करों तक पहुंच गई है। इसीलिए पाक तस्कर इनाम के तौर पर अफीम और पिस्टल भारतीय तस्करों को भेजते हैं। ये बातें पकड़े गए तस्कर सुरक्षा एजेंसियों को बता चुके हैं।
बरनाला पुलिस ने आठ किलो हेरोइन पकड़ी
बरनाला पुलिस ने आठ किलो और 290 ग्राम हेरोइन और 15 कारतूस बरामद करने में सफलता हासिल की है। एसएसपी संदीप गोयल ने बताया कि पिछले दिनों बरनाला के सीआईए स्टाफ पुलिस ने बलवीर कौर निवासी बरनाला को 55 ग्राम हेरोइन और नशीली गोलियों के साथ काबू किया था। उससे पूछताछ के दौरान पता चला कि वह फिरोजपुर बार्डर इलाके से हेरोइन लेकर आई थी। इसके बाद एसपीडी सुखदेव सिंह विर्क की अगुवाई में एक टीम को फिरोजपुर बार्डर इलाके में भेजा गया। बीएसएफ के साथ एक साझा ऑपरेशन कर पाकिस्तान बार्डर से आई आठ किलो और 290 ग्राम हेरोइन और 15 कारतूस बरामद किए।
अमृतसर: बीएसएफ ने बरामद की आधा किलो हेरोइन
सीमा सुरक्षा बल ने भारत-पाकिस्तान सीमा को विभाजित करते इंटरनेशनल बॉर्डर के साथ सटे गांव दाउके के साथ की कंटीली तार के पास से आधा किलो हेरोइन बरामद की है। यह बरामदगी बीएसएफ की 71वीं बटालियन की ओर से इलाके की तलाशी के दौरान हुई। किसानों की ओर से खेतों में गेहूं की कटाई के बाद जलाई गई नाड़ में मिली। बीएसएफ ने जिस खेत से हेरोइन की खेप मिली है, उसके मालिक को जांच में शामिल किया गया है।