बिहार: मुख्यमंत्री के दौरे से पहले गया में कारोबारी पर हमला, दुकान में तोड़फोड़ और 15 लाख लूट का आरोप
गया में अपराधी बेखौफ होकर अब कारोबारियों पर हमला कर रहे हैं। भूसुंडा इलाके में एक कारोबारी को न सिर्फ बेरहमी से पीटा, बल्कि उनके दुकान में भी अपराधियों ने तोड़फोड़ की। विरोध करने पर कैश लूटकर फरार हो गए। आइये जानते हैं पूरा मामला...
विस्तार
गयाजी में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन से पहले कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा सवाल खड़ा करने वाली घटना सामने आई है। भूसुंडा इलाके में छड़-सीमेंट कारोबारी की दुकान में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और 15 लाख रुपये लूटने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित व्यवसायी ने मुफस्सिल थाने में नामजद शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
गया-फतेहपुर रोड स्थित भूसुंडा के पास जय श्री विष्णु एंड कंपनी में मंगलवार को हुई घटना के बाद इलाके के व्यवसायियों में चिंता बढ़ गई है। छड़-सीमेंट कारोबारी प्रमोद कुमार गुप्ता ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि कुछ लोग उनकी दुकान में जबरन घुस आए और उनके साथ मारपीट करने लगे।व्यवसायी का कहना है कि आरोपितों ने पहले रंगदारी की मांग की। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। इस दौरान दुकान में मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों के बीच भी अफरातफरी का माहौल बन गया।
नोट गिनने वाली मशीन और प्रिंटर तोड़ने का आरोप
इस संबंध में प्रमोद कुमार गुप्ता ने पुलिस को बताया कि मारपीट के दौरान दुकान में जमकर तोड़फोड़ की गई। आरोप है कि दुकान में रखी नोट गिनने वाली मशीन, प्रिंटर और मुख्य गेट का शीशा क्षतिग्रस्त कर दिया गया। व्यवसायी के मुताबिक घटना के समय काउंटर के पास रखे बैग में करीब 15 लाख रुपये नकद थे। आरोप है कि हंगामे और मारपीट के बीच आरोपित उक्त रकम लेकर चले गए। उन्होंने पुलिस से लूटी गई राशि की बरामदगी और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
शाम में दोबारा पहुंचकर धमकी देने का आरोप
पीड़ित व्यवसायी ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि घटना के कुछ घंटे बाद शाम करीब 5:40 बजे कुछ लोग फिर दुकान पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। व्यवसायी का कहना है कि इस घटना के बाद वह और उनका परिवार डरा हुआ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा घटना का राज
व्यवसायी ने पुलिस से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि फुटेज के जरिए घटना के समय मौजूद लोगों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिल सकती है। उन्होंने दुकान में हुए नुकसान का आकलन कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद व्यापारियों में बढ़ी चिंता
भूसुंडा इलाके में कारोबारी से कथित लूट और मारपीट की घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों में नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने की जरूरत है। उनका कहना है कि अगर दिनदहाड़े दुकान में घुसकर इस तरह की घटना होती है तो व्यापारियों के बीच असुरक्षा की भावना बढ़ेगी।
गया पुलिस कर रही मामले की जांच
मुफस्सिल थाना पुलिस ने व्यवसायी के आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मारपीट, रंगदारी मांगने, तोड़फोड़ और 15 लाख रुपये लूटने के आरोप व्यवसायी की शिकायत पर आधारित हैं। पुलिस जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।