तरनतारन में वारदात: घरेलू कलह में सोती पत्नी को मारी गोली, फिर की आत्महत्या की कोशिश
पति से विवाद के बाद परमजीत मायके में आकर रहने लगी थी। रात करीब 1:30 बजे इंद्रजीत घर में आया और सो रही परमजीत कौर को गोली मार दी। इसके बाद इंद्रजीत कमरे से बाहर आया और बरामदे में खड़े होकर खुद को भी गोली मार ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तरनतारन के गांव बोपाराय में एक युवक ने अपनी पत्नी का कत्ल करने के बाद खुद को भी गोली मार ली। दोनों की सात साल पहले शादी हुई थी और दोनों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। महिला की अस्पताल ले जाते हुए मौत हो गई, जबकि पति की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान परमजीत कौर के तौर पर हुई है, जबकि पति का नाम इंद्रजीत सिंह है।
परिवार वालों ने बताया कि विवाद के बाद परमजीत मायके में आकर रहने लगी थी। रात करीब 1:30 बजे इंद्रजीत घर में आया और सो रही परमजीत कौर को गोली मार दी। इसके बाद इंद्रजीत कमरे से बाहर आया और बरामदे में खड़े होकर खुद को भी गोली मार ली। परिवार तुरंत परमजीत कौर को अस्पताल ले गया, लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। इंद्रजीत को भी तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
घर लौट रहे युवक की गोलियां मारकर हत्या
तरनतारन के थाना गोइंदवाल साहिब के गांव राहल निवासी दिलेर सिंह (23) की बाइक सवार दो लोगों ने गुरुवार रात गोलियां मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। गांव राहल निवासी गुलनेट सिंह ने बताया कि उनके दो बेटे जंगबहादुर सिंह और दिलेर सिंह के अलावा एक बेटी परमिंदर कौर है। दो साल पहले मारपीट के मामले में उनका बड़ा बेटा जंगबहादुर सिंह जेल में बंद था। इसी जेल में बंद गांव मुंडापिंड निवासी निर्मल सिंह के साथ उसका विवाद हो गया था। इसके बाद निर्मल सिंह और उसके भाई मंदीप सिंह मन्ना, जो पटियाला जेल में बंद हैं, ने उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी।
डेढ़ साल पहले भी बेटे दिलेर सिंह पर गोलियां चली थीं। टांग में गोली लगने से वह घायल हो गया था। पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध केस दर्ज करके जांच आगे नहीं बढ़ाई। गुरुवार को दिलेर सिंह अपनी मां हरजिंदर कौर के साथ डेरा साहिब से बाइक पर घर लौट रहा था तब उस पर हमला किया गया।
घटना के डेढ़ घंटे बाद पहुंची पुलिस
दिलेर सिंह की हत्या रात करीब साढ़े नौ बजे हुई, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। परंतु डेढ़ घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी डेरा साहिब के प्रभारी लखविंदर सिंह ने पहले दिलेर सिंह के पिता के बयान दर्ज करने से ये कहते हुए मना कर दिया कि मौके पर डीएसपी प्रीतइंद्र सिंह के पहुंचने पर ही कार्रवाई होगी। आनन-फानन थाना गोइंदवाल साहिब के प्रभारी शिवदर्शन सिंह मौके पर पहुंचे। इसके बाद कार्रवाई की गई। मृतक के परिजनों का कहना है कि वे पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं।
आरोपी सतनाम सिंह सत्ता और जगतार सिंह जग्गा के अलावा जेल में बंद निर्मल सिंह निम्मा और मंदीप सिंह मन्ना के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। - रंजीत सिंह ढिल्लों, एसएसपी तरनतारन।