पंजाब: अकाली नेता पर हमला, चेहरे पर मारी दातर, जाते-जाते नेता के सहयोगी के पैर पर गोली मारी
हमलावरों ने राजीव सिंगला का लाइसेंसी रिवाल्वर छीन लिया और जाते-जाते सहयोगी नीतू शर्मा के पैर पर गोली मार गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मंडी गोबिंदगढ़ के मेन बाजार स्थित जाल मार्केट में अकाली दल के नेता राजीव सिंगला के दफ्तर में घुसकर दो हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। लोहे के दातर से हमला किया गया। इसमें अकाली नेता राजीव सिंगला का चेहरा और माथे पर गहरा जख्म हो गया। जबकि बचाव करने आए एक अन्य साथी को भी हमलावर जाते जाते पैर में गोली मार गए।
दोनों घायलों की पहचान अकाली नेता राजीव सिंगला निवासी वार्ड नंबर-5 शास्त्री नगर और नीटु शर्मा निवासी शास्त्री नगर मंडी गोबिंदगढ़ के तौर पर हुई है। दोपहर बाद राजीव सिंगला की हालत गंभीर बनती देख सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद लुधियाना के अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया है। जबकि साथी नीटू शर्मा की हालत स्थिर है।
घटनास्थल से मिली जानकारी के अनुसार राजीव सिंगला मंगलवार सुबह अपने दफ्तर बिहारी लाल स्टील में मौजूद थे। इस दौरान दो नौजवानों ने दफ्तर में आकर उस पर हमला कर दिया और दातर से मुंह पर वार कर घायल कर दिया। अपनी रक्षा के लिए जैसे ही राजीव सिंगला ने अपना लाइसेंस रिवाल्वर निकाला तो हमलावर वह भी छीन कर मौके से फरार हो गए और रास्ते में उनके साथी नीटू शर्मा की टांग पर गोली मार गए।
दोनों घायलों को सिविल अस्पताल मंडी गोबिंदग्ढ़ में दाखिल करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने उनके सिर और चेहरे पर टांके लगाए हैं। घटना के बाद एसएसपी अमनीत कौंडल ने आला अधिकारियों के साथ घटनास्थल का दौरा किया। एसएसपी ने बताया कि हमलावरों की सीसीटीवी फुटेज हासिल कर ली गई है। हमलावर अज्ञात हैं, इनकी तलाश जारी है। जख्मी हुए राजीव सिंगला और नीटू शर्मा के बयान दर्ज कर केस दर्ज किया जा रहा है।
14 फरवरी को घर के बाहर खड़ी कार को लगाई थी आग
राजीव सिंगला पर ऐसे पहले भी हमले हो चुके हैं। गत 14 फरवरी की रात 10:15 बजे बाइक पर आए तीन युवकों ने राजीव के घर के बाहर खड़ी उनकी कार को पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी थी और एक हमलावर ने कार का फ्रंट शीशा तोड़ दिया था, जिसकी सीसीटीवी फुटेज हासिल करके गोबिंदगढ़ पुलिस को दी गई थी और इस घटना संबंधी केस दर्ज भी किया गया था। एसएसपी ने बताया कि यह हमलावर भी पकड़े नहीं गए। बता दें कि राजीव सिंगला वार्ड-6 से अकाली दल की टिकट पर नगर काउंसिल चुनाव लड़ चुके हैं लेकिन हार का सामना करना पड़ा था।
सुखबीर बादल तक पहुंचा मामला
इस हमले के बाद शिरोमणि अकाली दल हलका अमलोह के इंचार्ज गुरप्रीत सिंह राजू खन्ना ने दौरा किया और पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खडे़ करते कहा कि राजीव सिंगला ने खुद पर हमले से पहले पुलिस को सूचित किया था। घटनाक्रम के बारे में पार्टी प्रधान सुखबीर सिंह बादल को सूचित कर दिया है। पार्टी नेताओं पर हमले किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।